जयपुर में रिश्तों का कत्ल: बेटी ने मां की हत्या के लिए दी 7 लाख की सुपारी, अनुकंपा नौकरी और संपत्ति के लालच में रची साजिश
जयपुर: राजधानी जयपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बेटी ने कथित तौर पर अनुकंपा नियुक्ति और करोड़ों की संपत्ति पाने के लालच में अपनी ही मां की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका की बेटी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई को प्रतापनगर थाना क्षेत्र में नीरज शर्मा की सड़क हादसे में मौत का मामला सामने आया था। शुरुआत में इसे दुर्घटना माना गया, लेकिन मृतका के भाई राकेश शर्मा ने हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज से खुला राज
सांगानेर एसीपी हरिशंकर शर्मा ने बताया कि जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसमें सामने आया कि एक लग्जरी कार करीब एक किलोमीटर तक नीरज शर्मा का पीछा कर रही थी।
सुनसान स्थान पर पहुंचते ही कार चालक ने तेज रफ्तार से वाहन महिला की ओर मोड़ दिया और उसे कुचल दिया। इसके बाद आरोपी फरार हो गए ताकि घटना सड़क दुर्घटना लगे।
👉 यहां क्लिक करें
लावारिस कार से मिला अहम सुराग
घटना के कुछ दूरी पर संदिग्ध कार लावारिस हालत में मिली। कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी थी और उस पर दुर्घटना के निशान थे। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने जयपुर, भरतपुर, आगरा और मथुरा में दबिश देकर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
7 लाख की सुपारी देकर कराई हत्या
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आकाश शर्मा वारदात के समय कार चला रहा था। उसने बताया कि हेमंत शर्मा ने उसे सात लाख रुपये दिए थे। वारदात के लिए भरतपुर से किराए की कार लाई गई थी। कार में अरविंद शर्मा भी मौजूद था, जबकि रोहित जाटव बाइक से नीरज शर्मा की लोकेशन देता रहा।
राजस्थान के समस्त विद्यालयों में चलेगा विधिक साक्षरता अभियान, विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं नशा मुक्ति का मिलेगा संदेश
नौकरी और संपत्ति के लालच में रची साजिश
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि करीब एक वर्ष पहले नीरज शर्मा के पति की मृत्यु के बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। उनकी बेटी आयुषी चाहती थी कि मां की मौत के बाद उसे यह नौकरी मिल जाए।
साथ ही वह जयपुर स्थित पिता के दो मकानों पर भी अधिकार चाहती थी। वहीं मृतका के जेठ मोहन स्वरूप शर्मा और उनके बेटे की नजर हाईवे पर स्थित करीब पांच बीघा जमीन पर थी। इसी लालच में सभी ने मिलकर हत्या की साजिश रची।
पहले भी किया था प्रयास
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब एक माह पहले भी नीरज शर्मा की हत्या का प्रयास किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद 3 जुलाई को जब नीरज अपने नाबालिग दिव्यांग बेटे को कोचिंग छोड़कर लौट रही थीं, तब सुनियोजित तरीके से कार से कुचलकर उनकी हत्या कर दी गई।

ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मृतका की बेटी आयुषी, जेठ मोहन स्वरूप शर्मा, मोहित शर्मा, अरविंद शर्मा, रोहित जाटव, आकाश शर्मा और हेमंत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। सभी से पूछताछ जारी है और पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
जयपुर में रिश्तों का कत्ल: बेटी ने मां की हत्या के लिए दी 7 लाख की सुपारी, अनुकंपा नौकरी और संपत्ति के लालच में रची साजिश


