सोच बदलेगी, जीवन बदलेगा : पर्युषण पर्व की सार्थकता पर प्रेरक कार्यक्रम – दक्षिण मुंबई
तेरापंथ युवक परिषद दक्षिण मुंबई के निर्देशन में तेरापंथ किशोर मंडल दक्षिण मुंबई द्वारा 23 अगस्त 2026 को महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी, मुंबई में “सोच बदलेगी, जीवन बदलेगा” विषय पर एक प्रेरणादायी एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम आचार्यश्री महाश्रमणजी की प्रबुद्ध सुशिष्या शासन श्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासन श्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी एवं सहवर्ती साध्वीवृंद के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्युषण पर्व को केवल धार्मिक अनुष्ठानों अथवा कुछ दिनों तक सीमित रहने वाला पर्व न मानकर आत्मचिंतन, आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक विकास का अवसर बनाने की प्रेरणा देना था।
कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति के रूप में पर्युषण पर्व के दौरान “क्या करें और क्या न करें” जैसे महत्वपूर्ण प्रश्नों के उत्तरों को एक अनूठे एवं मनोरंजक क़व्वाली प्रारूप में प्रस्तुत किया गया। संवाद, प्रश्नोत्तर और क़व्वाली के माध्यम से पर्युषण के वास्तविक उद्देश्य एवं उसकी जीवनोपयोगी महत्ता को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से समझाया गया।
कार्यक्रम में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पर्युषण की शिक्षाओं को केवल धार्मिक क्रियाओं तक सीमित न रखते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन में कैसे उतारा जाए, अपने निर्णयों को कैसे बेहतर बनाया जाए तथा अच्छे संस्कारों और सकारात्मक सोच को अपने व्यवहार का हिस्सा कैसे बनाया जाए।
प्रेक्षाध्यान से तनावमुक्ति और संतुलित जीवन संभव : साध्वीश्री कंचनप्रभाजी
तेरापंथ किशोर मंडल के सदस्यों ने विषय को रचनात्मक, सहज, मनोरंजक एवं युवाओं के अनुरूप शैली में प्रस्तुत किया, जिससे सीखने के साथ-साथ आत्ममंथन का अवसर भी मिला और कार्यक्रम सभी के लिए रोचक एवं यादगार बना।
कार्यक्रम का प्रमुख संदेश रहा कि पर्युषण का वास्तविक उद्देश्य केवल कुछ दिनों तक धार्मिक गतिविधियों में संलग्न रहना नहीं, बल्कि अपनी सोच, व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। जब सोच बदलेगी, तभी जीवन में वास्तविक बदलाव आएगा। यह जानकारी तेयुप उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।


