जिला निर्यात संवर्धन समिति की बैठक आयोजित, निर्यात प्रोत्साहन पर हुई चर्चा
बीकानेर (श्रेयांस बैद): जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्यात संवर्धन समिति की बैठक आयोजित हुई।
इस दौरान जिले के निर्यात को बढ़ावा देने, स्थानीय उद्योगों की समस्याओं के निस्तारण और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच आसान बनाने पर चर्चा की गई।
जिला कलेक्टर ने विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) एपीडा, एफआईईओ, नाबार्ड, ईसीजीसी, डाक विभाग, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को निर्यात संबंधित गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी लक्षित वर्ग तक पहुंचाने के लिए संयुक्त कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्थानीय फूड लैब स्थापित करवाने के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे उद्यमियों द्वारा निर्यात मानकों को पूर्ण करने वाले प्रमाण पत्र आसानी से प्राप्त हो सकेंगे।
डीजीएफटी के प्रतिनिधि राधेश्याम मीणा ने बताया कि वर्ष 2023-24 में 112.94 मिलियन यू.एस.डी., वर्ष 2024-25 में 125.40 मिलियन यू.एस.डी. एवं वर्ष 2025-26 में 153.30 मिलियन यू.एस.डी. का निर्यात किया गया। यह जिले से निरंतर निर्यात वृद्धि को दर्शाता है।
मतदाता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर बन प्रत्येक मतदाता को बताएं मतदान का महत्त्व
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैन गोदारा ने बताया कि जिले से वर्तमान में बीकानेरी नमकीन, कृषि आधारित उत्पाद, मूंगफली, इसबगोल, मिठाइयां, पापड़, ऊन आधारित कॉरपेट, वाल क्ले का निर्यात हो रहा है, जिसमें से अधिकांश निर्यात गुजरात के माध्यम से किया जा रहा है।
बैठक में रीको के रीजनल मैनेजर मनोज कुमार बंसल, नाबार्ड से अरविंद चाहर, एलडीएम पन्ना लाल माली, एसबीआई से बालकिशन सुथार, वाणिज्य कर विभाग से सुखराम गोदारा, ईसीजीसी से रवि यादव, जिला उद्योग संघ अध्यक्ष डी.पी. पच्चिसिया, राजेश लदरेचा, आरएफसी से रजनीश पूनिया,

सिडबी से राहुल कुमार, डाक विभाग से खुशबू राठी, जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी नरेन्द्र कुमार, सोहन लाल जाट सहित अन्य अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।

