साइबर अपराध से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, नशामुक्ति व यातायात नियमों की भी दी जानकारी
लूणकरनसर: राजकीय भीमसेन चौधरी महाविद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में साइबर जागरूकता एवं विधिक चेतना कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, नशामुक्ति तथा यातायात नियमों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल सदस्य एवं अधिकार मित्र श्रेयांस बैद ने साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग लोगों को डिजिटल अरेस्ट, बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, रिश्तेदार या विभिन्न संस्थाओं का प्रतिनिधि बनकर फोन करते हैं और ओटीपी, बैंक विवरण, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी अथवा स्क्रीन शेयर करवाकर ठगी करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

अधिकार मित्र पुष्पेंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की अपील की।

एएसआई रामफूल सिंह ने यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के लिए विद्यार्थियों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की पालना स्वयं की ही नहीं, बल्कि सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी है।
MBDD बैनर का अनावरण, महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के हाथों से : दक्षिण मुंबई
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य ईश्वर चंद, प्रो. गोविंद सारस्वत, प्रो. राज किरण एवं प्रो. राकेश ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, अनुशासन, नशामुक्ति और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।

