उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर 40-यात्रियों से भरी बस में लगी आग:इमरजेंसी खिड़की से कूदकर बचाई जान, शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ हादसा
उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे (NH 48) पर परसाद थाने के सामने 40 यात्रियों से भरी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कुछ यात्रियों ने इमरजेंसी खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाई।
बीकानेर में संदिग्ध बांग्लादेशी महिला पकड़ी गई, फर्जी आधार कार्ड बरामद
घटना के तुरंत बाद परसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को संभाला। बीच हाईवे बस में आग लगने से कुछ देर के लिए ट्रैफिक रोक दिया गया। थानाधिकारी नरेश कुमार मीणा ने बताया- मैं सलूंबर मीटिंग में आया हूं। मुझे जैसे ही इस हादसे की जानकारी मिली। मैंने तत्काल आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल आग पर काबू पा लिया है।
उदयपुर से अहमदाबाद जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार घटना करीब 3 बजे की है। बस उदयपुर से यात्रियों को लेकर अहमदाबाद जा रही थी। तभी बस में धीरे-धीरे धूंआ उठने लगा। ड्राइवर और कंडक्टर को जैसे ही इसका पता लगा तो उन्होंने तुरंत यात्रियों को उतरने के लिए कहा। बस में बैठे यात्री बुरी तरह सहम गए।
आग धीरे-धीरे बढ़ती गई। कुछ ही देर में बस से तेज लपटें उठती गईं। सूचना पर फायर ब्रिगेड बुलाई गई। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। यात्री जल्दी बस से उतरे। अगर थोड़ी सी चूक होती तो जनहानि हो सकती थी।

प्राथमिक रूप से आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही कारणों की पुष्टि होगी।


