पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने की ग्राम पंचायत पांचू की ऑनलाइन जनसुनवाई
सड़क, शिक्षा, पेयजल, राजस्व एवं आवासीय पट्टों से जुड़े प्रकरणों पर दिए आवश्यक निर्देश
बीकानेर (श्रेयांस बैद): पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित विशेष ऑनलाइन जनसुनवाई में पंचायत समिति पांचू की ग्राम पंचायत पांचू के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। प्रदेश की चयनित ग्राम पंचायतों में आयोजित इस विशेष जनसुनवाई में बीकानेर जिले की ग्राम पंचायत पांचू भी शामिल रही।
पंचायती राज मंत्री दिलावर ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने तथा पात्र मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगें मंत्री के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने पांचू से कुम्हारिया तक लगभग छह किलोमीटर सड़क निर्माण कराने, पेयजल समस्या के समाधान के लिए जलकुंड (टैंक) निर्माण कराने, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू में रिक्त व्याख्याता पद भरने, विषय व्याख्याताओं के पद सृजित करने तथा विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष-कक्षों एवं प्रयोगशालाओं के निर्माण की मांग उठाई।
बीकानेर में नारी चौपाल-नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित, महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन पर दिया गया जोर
ग्रामीणों ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचू के भवन निर्माण के लिए प्रस्तावित भूमि का शीघ्र आवंटन करवाने, आबादी भूमि विस्तार प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान करने, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतु परिवारों के लिए आवासीय पट्टों की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नए राजस्व गांवों के गठन संबंधी लंबित प्रकरणों के निस्तारण की मांग भी रखी।
इसके अलावा ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र में गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने अथवा सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने का मुद्दा भी जनसुनवाई में उठाया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, एसीईओ पंचायती राज प्रियंका तलानिया, पांचू बीडीओ जसवंत बिश्नोई, तहसीलदार चंद्रशेखर, सीडीपीओ विपुल जोशी, एसीबीईओ भूपेन्द्र सिंह, राजीविका के सुशील कुमार,पांचू ग्राम पंचायत की प्रशासक हवा देवी, ग्राम सेवक लक्ष्मीनारायण, ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

