राजस्थान में बदला मौसम, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि, सीकर दौसा, बीकानेर, चूरू में बारिश, कई जगह ओले गिरे
जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। सीकर, दौसा, बीकानेर और चूरू सहित कई जिलों में आंधी और बारिश हुई, जबकि चूरू के सरदारशहर में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगह नुकसान भी हुआ। वहीं दूसरी ओर बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सीकर में तेज आंधी के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए। करीब 20 मिनट हुई बारिश में आधा इंच पानी बरसने से सड़कों पर पानी भर गया। दौसा जिले में भी तेज अंधड़ के साथ बूंदाबांदी हुई। मानपुर कस्बे के मिस्त्री मार्केट में एक दुकान के ऊपर लगा टीन शेड तेज हवा के कारण सड़क पर गिर गया। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।
अलवर जिले में भी शाम को मौसम बदला और कई इलाकों में तेज आंधी चली। माचड़ी गांव में तेज हवा के कारण बिजली का खंभा गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। वहीं डीग शहर में एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की चार छात्राएं टेस्ट के दौरान भीषण गर्मी के कारण बेहोश हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बाड़मेर में 31 साल का रिकॉर्ड टूटा
इससे पहले मंगलवार को बाड़मेर लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पिछले 31 वर्षों में पहली बार मई के शुरुआती 12 दिनों में तापमान इस स्तर तक पहुंचा है।
रेगिस्तानी क्षेत्र बाड़मेर में तापमान लगातार बढ़ रहा है और मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि आने वाले दिनों में पारा 50 डिग्री तक पहुंच सकता है। पिछले दो दिनों में यहां तापमान करीब दो डिग्री तक बढ़ा है।
ग्राम रथ अभियान: साढ़े तीन सौ ग्राम पंचायतों के सवा लाख से अधिक लोगों को दी योजनाओं की जानकारी
भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने इस सीजन में पहली बार बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर जिलों के लिए भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। विभाग ने अगले दिन भी इन जिलों में लू और अत्यधिक गर्मी की चेतावनी जारी रखी है।
मंगलवार को राजस्थान के सभी शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को धूप से बचने, बार-बार पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है।
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी समय में बदलाव
भीषण गर्मी को देखते हुए जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में बांट दी है। नई व्यवस्था के अनुसार पुलिसकर्मी सुबह 8 बजे से 12:30 बजे तक और शाम 4:30 बजे से 8:30 बजे तक ड्यूटी करेंगे।

उधर जालोर जिले के भादराजून क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी के कारण एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।

