बीकानेर में बेटे ने मां को लाठी से पीटकर उतारा मौत के घाट, पत्नी को जगाकर बोला- “मां मर गई”, फिर हुआ फरार

बीकानेर में बेटे ने मां को लाठी से पीटकर उतारा मौत के घाट, पत्नी को जगाकर बोला- “मां मर गई”, फिर हुआ फरार

बीकानेर। जिले के श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के बाना गांव में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक बेटे ने कथित तौर पर अपनी 70 वर्षीय बुजुर्ग मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपनी पत्नी को जगाकर कहा कि “मां मर गई है।” पत्नी के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला। सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव ने बताया कि मृतका की पहचान गीता देवी (70) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उनके बेटे रामनिवास को हिरासत में लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

रातभर बेचैन रहा आरोपी

मृतका के दूसरे बेटे ओमप्रकाश ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रात करीब दो बजे रामनिवास घर में लगातार इधर-उधर घूम रहा था। तड़के करीब चार बजे उसने अपनी पत्नी को उठाकर कहा कि मां की मौत हो गई है। इसके बाद पत्नी के चिल्लाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी जाग गए।

भाई को देखते ही भाग निकला

परिजनों के अनुसार, सभी लोग बाहर सो रही गीता देवी के पास पहुंचे तो रामनिवास उनके पलंग को खिसका रहा था। इसी दौरान भाई ओमप्रकाश को सामने देखकर वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की भी चर्चा

प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह बात भी आई है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकेगी।

पुलिस ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
होम
बहुभाषी
E-Paper
मेनू
वेरिफिकेशन
संपर्क करें