राज्य सूचना आयोग के आदेशों की निकल रही हवा नहीं दी जा रही प्रार्थी को सूचना
राज्य सूचना आयोग के आदेश के बाद भी नहीं मिली सूचना, नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल
लूणकरणसर आयोग के नोटिस पर भी अनुपस्थित रहा प्रतिवादी पक्ष, नगर पालिका व पंचायत समिति को दिए थे सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश
लूणकरणसर (बीकानेर): सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगे गए दस्तावेजों के लिए आवेदक करीब 11 महीने से इंतजार कर रहा है।
राजस्थान राज्य सूचना आयोग के आदेश के बावजूद आवेदक के अनुसार 21 नवंबर 2026 तक सूचना उपलब्ध नहीं करवाई गई है। ऐसे में नगर पालिका और पंचायत समिति के संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
लूणकरणसर निवासी मिलाप कुमार बोथरा ने 17 दिसंबर 2025 को तत्कालीन ग्राम पंचायत लूणकरणसर से अपनी पैतृक भूमि की निर्माण अनुज्ञा तथा उसके प्रत्याहरण से संबंधित दस्तावेजों की प्रमाणित प्रतियां मांगी थीं।
आयोग के नोटिस का जवाब तक नहीं दिया
राजस्थान राज्य सूचना आयोग ने द्वितीय अपील संख्या RIC/BIKN/A/2026/015768 में 21 अक्टूबर 2026 को निर्णय पारित किया। आदेश के अनुसार प्रतिवादी पक्ष ने आयोग को न तो अपील का जवाब भेजा और न ही सुनवाई में उपस्थिति दर्ज करवाई।
दोनों अधिकारियों को दिए थे स्पष्ट निर्देश
राज्य सूचना आयुक्त सुनील शर्मा ने विकास अधिकारी, पंचायत समिति लूणकरणसर तथा अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका लूणकरणसर को संबंधित अभिलेखों की उपलब्धता के आधार पर सूचना आवेदन का निस्तारण करने और उचित सूचना अथवा समुचित निर्णय पंजीकृत डाक से निःशुल्क भिजवाने के निर्देश दिए थे।
जिला प्रशासन के हस्तक्षेप की जरूरत
आवेदक के अनुसार आदेश के बाद भी सूचना नहीं मिलने से यह सवाल खड़ा हो रहा है कि संबंधित अभिलेख किस कार्यालय के पास हैं और आयोग के निर्देशों पर अब तक क्या कार्रवाई हुई है। मामले में जिला प्रशासन द्वारा स्थिति स्पष्ट करवाने तथा संबंधित अधिकारियों से अनुपालना रिपोर्ट लेने की आवश्यकता सामने आई है।

सूचना कब मिलेगी?
अब सवाल यह है कि राज्य सूचना आयोग के निर्देशों के बाद भी आवेदक को सूचना क्यों नहीं मिली और नगर पालिका तथा पंचायत समिति के जिम्मेदार अधिकारी आदेश की पालना कब सुनिश्चित करेंगे।
राज्य सूचना आयोग के आदेशों की निकल रही हवा नहीं दी जा रही प्रार्थी को सूचना

