लेखा विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार चूरा का हुआ नागरिक अभिनंदन
कर्मठता और सामाजिक सरोकारों से डॉ. चूरा ने बनाई विशिष्ट पहचान : विधायक व्यास
बीकानेर (श्रेयांस बैद):लेखा विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार चूरा का नागरिक अभिनंदन बुधवार देर शाम मुरलीधर व्यास नगर में आयोजित समारोह में किया गया।
कार्यक्रम में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुमंत व्यास, वरिष्ठ कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी तथा पुष्टिकर यूथ विंग के अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा बतौर अतिथि मौजूद रहे।
विधायक जेठानंद व्यास ने कहा कि डॉ. दिनेश कुमार चूरा ने लेखा विशेषज्ञ के रूप में उत्कृष्ट कार्य करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
उन्होंने कहा कि डॉ. चूरा की कार्यक्षमता और अनुभव के साथ सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता भी उल्लेखनीय है। समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े रहकर उन्होंने सामाजिक सरोकारों को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि कर्म की सदैव पूजा होती है। अपने कार्य के प्रति समर्पित व्यक्ति न केवल स्वयं सफलता प्राप्त करता है, बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है।
उन्होंने कहा कि डॉ. चूरा ने अपने कार्यों के माध्यम से ऐसी लकीर खींची है, जिसकी बराबरी करना मुश्किल है। उनका कार्य और समर्पण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना की समीक्षा बैठक आयोजित
राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुमंत व्यास ने डॉ. चूरा के व्यक्तित्व और कृतित्व की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद से अधिक उसके कर्मों से बनती है।
डॉ. चूरा ने अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करते हुए सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी कार्यशैली, अनुभव और समाज के प्रति जुड़ाव उन्हें विशिष्ट बनाता है।
वरिष्ठ कवि-कथाकार राजेंद्र जोशी ने कहा कि डॉ. चूरा सामाजिक क्षेत्र में भी सदैव सक्रिय रहे हैं। उन्होंने अपने व्यावसायिक दायित्वों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी महत्व दिया और विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाई।
अभिनंदन पत्र का वाचन डॉ. हरि शंकर आचार्य ने किया। पुष्टिकर यूथ विंग के अध्यक्ष बी.जी. बिस्सा ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि सुभाष जोशी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।

इस अवसर पर कर्मचारी नेता भंवर पुरोहित, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के निदेशक अनुसंधान प्रो. एन.के. शर्मा, पूर्व वित्त नियंत्रक अरविंद सिंह शेखावत,
कर्मचारी नेता महेश व्यास, सीए राम मोहता, डॉ. आशीष जोशी, वीरेन्द्र किराडू, बाबूलाल छंगाणी, पूर्व पार्षद शिव कुमार रंगा, वित्त नियंत्रक पवन कस्वा सहित अन्य वक्ताओं ने भी डॉ. चूरा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
समारोह में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे

