रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक ने लालगढ़ पोस्ट एवं बैरक का किया निरीक्षण
नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने एवं यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश
लालगढ़ (श्रेयांस बैद): रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, जयपुर ज्योति कुमार सतीजा ने 17 सितंबर 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट लालगढ़ तथा बैरक/लाइन लालगढ़ का दौरा कर व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बल सदस्यों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सतीजा ने सभी बल सदस्यों को नशे से दूर रहने तथा भोजन में पौष्टिक आहार का सेवन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए प्रतिदिन योग एवं व्यायाम करने तथा वर्ष में कम से कम दो बार रक्तदान करने का आह्वान किया।

उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल की आमजन में बेहतर छवि बनाए रखने के उद्देश्य से रेल यात्रियों, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों एवं महिलाओं को आवश्यकतानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत रूणिया बड़ा बास में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित
साथ ही रेलवे एवं रेलवे परिसर में अवांछनीय अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सतर्कता से ड्यूटी करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि रेलवे एवं स्टेशन परिसर में पाए जाने वाले लावारिस अथवा घर से भागे बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महानिरीक्षक ने वर्तमान समय में अपराधियों की जानकारी एवं पहचान के लिए एनसीआरबी द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक तकनीकों ICJS, NIDAAN, Cri-MAC, NCRC, NAFIS एवं RMSM का बेहतर प्रशिक्षण प्राप्त कर दैनिक ड्यूटी में प्रभावी उपयोग करने तथा अपराधियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सरकार द्वारा लागू जन विश्वास अधिनियम, 2026 के अंतर्गत रेलवे अधिनियम में किए गए प्रावधानों/संशोधनों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
भारत सरकार के ड्रग्स फ्री इंडिया अभियान के अनुरूप रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने तथा ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में प्रभावी जांच करने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात रेलवे सुरक्षा बल के सदस्यों की भौतिक सुख-सुविधाओं एवं उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए लालगढ़ स्टेशन स्थित बैरक का निरीक्षण किया गया, जहां व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
रेल के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए ट्रेनों में जांच हेतु तैनात रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड का भी निरीक्षण किया गया।

इस दौरान डॉग हैंडलर सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह तथा डॉग रॉकी के कार्य एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। डॉग को स्वस्थ रखने, नियमित अभ्यास कराने तथा उसके खान-पान का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान सतीजा रेलवे वर्कशॉप लालगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्य कारखाना प्रबंधन के साथ बैठक कर वर्कशॉप में उच्चस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा संबंधी विषयों पर आपसी समन्वय के लिए चर्चा की।

रेलवे सुरक्षा बल के महानिरीक्षक ने लालगढ़ पोस्ट एवं बैरक का किया निरीक्षण

