4 जून को फिर बदलेगा मौसम, बीकानेर में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
जिले में पिछले दिनों आई तेज आंधी और बारिश से मिली राहत अब कम होती नजर आ रही है। मंगलवार को एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ गया और दोपहर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया। तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का अहसास हुआ, हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में मौसम के फिर करवट लेने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 4 जून को सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर संभाग सहित राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम बदल सकता है। इसके चलते तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।
श्रीडूंगरगढ़ तेरापंथ किशोर मंडल ने 21वें अधिवेशन GENZ Conclave में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, सेवा क्षेत्र में जीता द्वितीय पुरस्कार
सोमवार को बीकानेर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री नीचे रहा। इसके बावजूद दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने 2 और 3 जून के लिए जिले में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने खुले स्थानों पर सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

वहीं 4 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का अनुमान है कि जिले के कुछ हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित होने पर तापमान में गिरावट दर्ज होगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

