आंधी-बारिश से थमा गर्मी का प्रकोप, कई इलाकों में जलभराव
चूरू जिले में शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर तेज हवाएं चलने से धूप का असर कमजोर रहा, जबकि शाम होते-होते कई क्षेत्रों में तेज अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
सरदारशहर में शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ ओले गिरने शुरू हो गए। करीब 10 मिनट तक हुई ओलावृष्टि के बाद शहर के मुख्य बाजार, बोडिया कुआं, सब्जी मंडी, मीणा कुआं से टांटिया श्रीराम मंदिर मार्ग तथा कच्चा बस स्टैंड क्षेत्र में पानी भर गया।
वहीं चूरू शहर में गुरुवार रात से ही तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया था, जो शुक्रवार को भी जारी रहा। शाम करीब 7:30 बजे 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चला, जो लगभग 20 मिनट तक जारी रहा। इसके बाद करीब आधे घंटे तक मध्यम दर्जे की बारिश हुई।
रतनगढ़ में भी शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। पहले तेज अंधड़ चला और उसके बाद बूंदाबांदी तथा हल्की बारिश दर्ज की गई। सरदारशहर बाइपास स्थित श्रीकृष्ण गोशाला के चारा घर का टीनशेड उड़ गया, जबकि कई स्थानों पर बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली।
मौसम में बदलाव के कारण तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 42.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री की गिरावट के साथ 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री और न्यूनतम 32.4 डिग्री सेल्सियस था।
30 वर्ष पुराना भूमि विवाद सुलझा, किसान को मिली राहत
आंधी और बारिश के कारण जिले में जनजीवन भी प्रभावित हुआ। रात करीब 8 बजे चूरू-रतनगढ़ मार्ग पर गांव सातड़ा के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। करीब तीन रोडवेज बसों सहित लगभग 50 छोटे-बड़े वाहन जाम में फंस गए।
करीब डेढ़ घंटे बाद मार्ग को सुचारू किया जा सका। वहीं चूरू में रतनगढ़ रोड पर एक साइन बोर्ड गिरने से भी यातायात प्रभावित रहा।
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

वहीं 13 और 14 जून को भी बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभाग के कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।

