जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित
स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी ऋण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए :रतनू
बीकानेर, (श्रेयांस बैद):जिला स्तरीय बैंकर्स समन्वय समिति तथा जिला स्तरीय समीक्षा समिति की मार्च तिमाही की बैठक अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के एलडीओ गोविंद सिंह, नाबार्ड के डीडीएम अरविंद चाहर, राजस्थान मरुधरा ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक नवीन साहू, भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक चतुर्भुज खंडेल एवं राधेश्याम जोशी सहित जिले में कार्यरत सभी बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला स्तरीय विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अग्रणी जिला बैंक के मुख्य प्रबंधक लक्ष्मण राम मोडासिया ने जिले में बैंकों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 मार्च 2026 तक जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 27,268.60 करोड़ रुपए तथा कुल ऋण 29,630.16 करोड रुपए रहा। जिले का साख-जमा अनुपात 108.66 प्रतिशत दर्ज किया गया।
आंधी-बारिश से थमा गर्मी का प्रकोप, कई इलाकों में जलभराव
इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, डॉ भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, विश्वकर्मा युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी, राजस्थान स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन स्वरोजगार योजना,
मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, पीएम अजय योजना, जन सुरक्षा अभियान तथा ग्रामीण विकास एवं स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की गतिविधियों सहित सरकार प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की प्रगति समीक्षा की गई।
श्री रतनू ने निर्देश दिए की पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र ऋण उपलब्ध करवाया जाए। स्वरोजगार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए सरकारी ऋण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बैंक और विभागों के मध्य बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए तथा कहा कि इससे जिले में आर्थिक गतिविधियों को और अधिक गति मिल सकती है। उन्होंने सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शीघ्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

