प्रदेश में गर्मी का कहर जारी, 7 जिलों में बारिश और 5 में हीटवेव अलर्ट
जयपुर: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों के लिए दोहरा अलर्ट जारी किया है। एक ओर 7 जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है, वहीं 5 जिलों में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से कई क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है और आंधी-बारिश का दौर फिर से शुरू होने की संभावना है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।
बीकानेर के रामपुरा में फायरिंग से सनसनी, युवक घायल; रोहित गोदारा के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप
इससे पहले सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और उमस का असर बना रहा। प्री-मानसून गतिविधियों के बावजूद तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
श्रीगंगानगर, जैसलमेर और बीकानेर प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शामिल रहे, जहां अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। वहीं जिन जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है, वहां तेज हवाओं और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की गई है।

