20 दिन के अनशन के बाद सोनम वांगचुक अस्पताल में भर्ती, इलाज लेने से किया इनकार
नई दिल्ली: अपनी मांगों को लेकर पिछले 20 दिनों से शांतिपूर्ण अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल लेकर गई।
वांगचुक की टीम और समर्थकों का आरोप है कि सुबह पुलिसकर्मी डॉक्टरों की वर्दी में उनके पास पहुंचे और उन्हें उनकी इच्छा के विरुद्ध अस्पताल ले गए। हालांकि, इस दावे पर दिल्ली पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना के कुछ घंटों बाद सफदरजंग अस्पताल प्रशासन ने शाम को आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी कर वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी। अस्पताल के अनुसार, 59 वर्षीय सोनम वांगचुक को 18 जुलाई 2026 की सुबह 7:40 बजे वीएमएमसी एवं सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
👉 यहां क्लिक करें
हेल्थ बुलेटिन में बताया गया है कि वांगचुक पिछले 20 दिनों से ठोस भोजन का सेवन नहीं कर रहे थे, जिसके कारण उन्हें सामान्य कमजोरी महसूस हो रही थी।
अस्पताल पहुंचने पर वह पूरी तरह होश में थे तथा उनका रक्तचाप, नाड़ी और ऑक्सीजन सैचुरेशन सामान्य पाया गया। हालांकि चिकित्सकों ने उनके शरीर में डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) के स्पष्ट संकेत दर्ज किए।
डॉक्टरों द्वारा की गई जांच में ब्लड गैस एनालिसिस के दौरान कम्पेन्सेटेड एसिडोसिस पाया गया। साथ ही शरीर में सीरम पोटैशियम का स्तर सामान्य से कम मिला। उनका ब्लड शुगर 78 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर दर्ज किया गया। वहीं, यूरिन जांच में भर्ती के समय कीटोन 1+ पाया गया, जो दोपहर 1 बजे तक बढ़कर 3+ हो गया।
अस्पताल के अनुसार, डॉक्टरों ने वांगचुक को इंट्रावेनस (IV) फ्लूइड, ओरल रिहाइड्रेशन फ्लूइड और अन्य आवश्यक दवाएं देने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने फिलहाल सभी प्रकार के चिकित्सा उपचार लेने से इनकार कर दिया।
दक्षिण मुंबई में चातुर्मासिक मंगल प्रवेश एवं भव्य स्वागत समारोह संपन्न
इसके बावजूद अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखे हुए है और उन्हें स्वास्थ्य हित में इलाज स्वीकार करने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 20 दिनों से शांतिपूर्ण अनशन पर हैं। शनिवार सुबह उन्हें अस्पताल ले जाने की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जहां एक ओर समर्थकों ने इसे जबरन कार्रवाई बताया है, वहीं अस्पताल द्वारा जारी हेल्थ बुलेटिन में उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति का उल्लेख किया गया है।


