जिला उद्योग केंद्र की जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित
जिला कलक्टर निशान्त जैन के नेतृत्व में उत्कृष्ट बुनकरों का चयन
बीकानेर (श्रेयांस बैद): वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला स्तरीय बुनकर पुरस्कारों के चयन के लिए गठित समिति की बैठक मंगलवार को जिला कलक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
समिति ने प्राप्त आवेदनों का निर्धारित मानदंडों के आधार पर परीक्षण कर जिले के उत्कृष्ट बुनकरों का चयन किया।
चयनित बुनकरों में प्रथम पुरस्कार के लिए रामचन्द्र प्रजापत (पंजा दरी), द्वितीय पुरस्कार के लिए कमलचंद (लेडीज शॉल मेरिन) तथा भँवरलाल मेघवाल (थ्रो-कोटन चद्दर), तृतीय पुरस्कार के लिए ओमप्रकाश (हैंडलूम ऊनी दरी गलीचा) एवं भंवरी देवी (दरी), जबकि सांत्वना पुरस्कार के लिए आसूराम मेघवाल (ऊनी शॉल मेरीनो) तथा मगनलाल पंवार (ऊनी शॉल) का चयन किया गया।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा हस्तकरघा बुनकरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष जिला स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं।
आईजीएनपी: खरीफ 2026 के लिए नहरों का चक्रीय जल वितरण कार्यक्रम जारी, 15 जुलाई से लागू
इस वर्ष प्राप्त 16 आवेदनों का समिति द्वारा परीक्षण कर पात्र बुनकरों का चयन किया गया। प्रथम पुरस्कार के तहत 5,100, द्वितीय पुरस्कार 3,100 तथा तृतीय पुरस्कार 2,100 रुपए की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। सांत्वना पुरस्कार प्राप्त बुनकरों को 1,100 रुपए एवं प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे।

महाप्रबंधक गोदारा ने बताया कि प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार प्राप्त बुनकरों के आवेदन राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए भी अग्रेषित किए जाएंगे।

