रक्तदान कर्तव्यम्: 21-22 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ में दो दिवसीय मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव
तुलसी सेवा संस्थान और तेरापंथ भवन ऊपरलो में लगेगा रक्तदान शिविर।
श्रीडूंगरगढ़: रक्तदान को जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद्, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा Mega Blood Donation Drive (MBDD) का आयोजन 21 एवं 22 सितंबर को किया जाएगा। दो दिवसीय अभियान के तहत शहर में दो स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित होंगे।
21सितंबर को तुलसी सेवा संस्थान में सुबह 9 बजे से तथा 22 सितंबर को तेरापंथ भवन, ऊपरलो में सुबह 9 बजे से रक्तदान शिविर शुरू होगा।
आयोजन को लेकर परिषद् एवं टीम MBDD द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। युवाओं के साथ आमजन को भी अभियान से जोड़ने के लिए लगातार जनसंपर्क एवं जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं।
“रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी”
तेरापंथ युवक परिषद् अध्यक्ष विक्रम मालू ने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और ऐसे समय में रक्तदाता किसी के लिए जीवनरक्षक बनता है। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक लोगों को इस सेवा कार्य से जोड़ना परिषद् की प्राथमिकता है।
“युवाशक्ति आगे आए और बने अभियान की ताकत”
परिषद् मंत्री पीयूष जी बोथरा ने कहा कि MBDD के माध्यम से रक्तदान को व्यापक जनआंदोलन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर रक्तदान करने तथा अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
लूणकरणसर महाविद्यालय में बी.कॉम. शुरू करने की मांग
टीम MBDD जुटी तैयारियों में
टीम MBDD ने बताया कि दो दिवसीय रक्तदान अभियान को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। टीम का उद्देश्य अधिकाधिक रक्तदाताओं को जोड़ना और रक्त संग्रहण के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में योगदान देना है। अभियान को लेकर श्रीडूंगरगढ़ में विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार MBDD के विभिन्न अभियानों में भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) का लोगो सहयोग भी रहा है।
आयोजकों ने श्रीडूंगरगढ़वासियों से अपील की है कि वे इस दो दिवसीय रक्तदान अभियान में सहभागी बनें और स्वयं रक्तदान करने के साथ अपने परिवार एवं परिचितों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें।

आयोजक — अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद्, श्रीडूंगरगढ़
रक्तदान कर्तव्यम्: 21-22 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ में दो दिवसीय मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव

