लूणकरणसर महाविद्यालय में बी.कॉम. शुरू करने की मांग
आयुक्त उच्च शिक्षा को पत्र भेजकर शीघ्र स्वीकृति देने का किया आग्रह
लूणकरणसर: राजकीय भीमसेन चौधरी महाविद्यालय, लूणकरणसर में बी.कॉम. (वाणिज्य) पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की मांग को लेकर सदस्य जिला देहात भाजपा बीकानेर श्रेयांस बैद ने उप मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ प्रेम चन्द बैरवा, तथा आयुक्त, कॉलेज शिक्षा/उच्च शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार को पत्र भेजा है।
बैद ने बताया कि महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय उपलब्ध नहीं होने के कारण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बी.कॉम. की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों अथवा निजी महाविद्यालयों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ और आवागमन की परेशानी उठानी पड़ती है।
उन्होंने कहा कि लूणकरणसर क्षेत्र में व्यापार, कृषि आधारित व्यवसाय, सहकारी संस्थाओं, बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं तथा स्वरोजगार के अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
ऐसे में राजकीय महाविद्यालय में वाणिज्य शिक्षा उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। बी.कॉम. पाठ्यक्रम शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा का अवसर मिलेगा।
मुंबई में बीआईएस हॉलमार्क जागरूकता कार्यक्रम, एचयूआईडी नियमों पर व्यापारियों को दी जानकारी
श्रेयांस बैद ने आगामी शैक्षणिक सत्र से बी.कॉम. पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक स्वीकृति प्रदान करने तथा आवश्यक पदों, विषयवार संकाय एवं आधारभूत सुविधाओं का परीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यह कदम लूणकरणसर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के अवसरों के विस्तार में महत्वपूर्ण साबित होगा।


