अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में योग, संस्कृति और स्वास्थ्य चेतना का संगम
200 से अधिक प्रतिभागियों ने किया योगाभ्यास, नियमित योग करने का लिया संकल्प
तकनीकी शिक्षा के साथ मानवीय मूल्यों का समावेश आवश्यक – स्वामी विमर्शानंदगिरि
योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लें – कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग
बीकानेर (श्रेयांस बैद): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर परिसर स्थित पार्क में भव्य योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
“स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के 200 से अधिक संकाय सदस्यों, कर्मचारियों ने भाग लिया। जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी विमर्शानंदगिरि जी महाराज, अधिष्ठा, लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाड़ी थे।

अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान युग में केवल तकनीकी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों की शिक्षा भी प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है।
योग के माध्यम से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं आत्मिक शांति का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने कहा कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से दूर रखता है तथा जीवन में ऊर्जा, उत्साह और कार्यक्षमता का संचार करता है।
महापुरुष समारोह समिति के तत्वावधान में अन्तराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ भव्य योग महोत्सव
उन्होंने सभी उपस्थितजनों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया। बतौर विशिष्ट अतिथि मंच पर आचार्य राजेंद्र जोशी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास संबंधी क्रियाओं का अभ्यास करवाया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी।
उनके निर्देशन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की भावना को साकार किया।

कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ इन गतिविधियों में सहभागिता निभाई।
योग सत्र के पश्चात वीणा नृत्य अकादमी द्वारा आकर्षक सांगीतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। संगीत कार्यक्रम का प्रभावी संचालन वीणा जोशी द्वारा किया गया।
👉 यहां क्लिक करें
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरपत सिंह ने बताया कि इस आयोजन में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया। इस दौरान बीटीयु के वित्त नियंत्रक हनुमान प्रसाद, ईसीबी रजिस्ट्रार डॉ.अमित सोनी एवं चेना राम इत्यादि उपस्थित रहे l
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनु शर्मा, अंकुर गोस्वामी, ऋतुराज सोनी, देवेन्द्र तिवारी, अजय चौधरी, सतीश महला एवं इंदु भूरिया ने महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाई। इनके समन्वय, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने योग, स्वास्थ्य, संस्कृति और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।


