नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट पर 34.67 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद, मलेशिया से आया यात्री गिरफ्तार
नई दिल्ली: इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की हेरोइन की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। कस्टम अधिकारियों ने एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार कर उसके सामान से करीब 34.67 करोड़ रुपये मूल्य की हेरोइन बरामद की है।
कस्टम विभाग के अनुसार, 16 जून 2026 को कुआलालंपुर से फ्लाइट संख्या OD-205 से दिल्ली पहुंचे एक भारतीय यात्री को प्रोफाइलिंग के आधार पर टर्मिनल-3 के ग्रीन चैनल पर रोका गया। यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कस्टम अधिकारियों ने उसके सामान की गहन जांच की। जांच के दौरान यात्री के पास मौजूद दो ट्रॉली बैगों की एक्स-रे स्कैनिंग की गई।
👉 यहां क्लिक करें
तलाशी लेने पर बैगों के भीतर से चार पैकेट बरामद हुए, जिनमें सफेद रंग का पाउडर भरा हुआ था। परीक्षण में यह पदार्थ हेरोइन पाया गया। बरामद हेरोइन का कुल वजन 6.934 किलोग्राम (6,934 ग्राम) है।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की मौजूदगी में एम्स, दिल्ली के विशेषज्ञों ने ली बैठक
कस्टम विभाग के अनुसार इस खेप की अनुमानित कीमत 34 करोड़ 67 लाख रुपये आंकी गई है. इतनी बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ की बरामदगी को हाल के समय की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर इतनी महंगी खेप को भारत में किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
कस्टम अधिकारियों ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी यात्री को गिरफ्तार कर लिया है, बरामद हेरोइन और पैकिंग सामग्री को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा मामला माना जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि बरामद हेरोइन की कीमत और मात्रा को देखते हुए यह खेप देश में नशीले पदार्थों के बड़े कारोबार से जुड़ी हो सकती है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


