सरदारशहर में 3 लाख में बेची गई नाबालिग, 45 वर्षीय अधेड़ से कराई शादी; अजमेर पुलिस ने छुड़ाया
अजमेर/सरदारशहर। अजमेर जिले से सात माह पूर्व लापता हुई एक नाबालिग किशोरी को कथित तौर पर मानव तस्करों द्वारा चूरू जिले के सरदारशहर में तीन लाख रुपए में बेचने और उसकी शादी 45 वर्षीय व्यक्ति से करवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को सरदारशहर से बरामद कर लिया है तथा मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां ने 13 जून को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी नाबालिग बेटी का एक महिला के घर आना-जाना था। करीब सात माह पहले उक्त महिला किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई। आरोप है कि बाद में उसे अन्य महिलाओं के हवाले कर दिया गया और एक ऑटो चालक की मदद से जबरन कार में बैठाकर सरदारशहर ले जाया गया।
👉 यहां क्लिक करें
पीड़िता की मां का आरोप है कि रास्ते में किशोरी के साथ मारपीट की गई। सरदारशहर पहुंचने के बाद उसकी शादी 45 वर्षीय अधेड़ से करवा दी गई। इसके बदले में तीन लाख रुपए का लेन-देन होने की बात भी सामने आई है।
मां की तलाश से खुला मामला
मामले में नया मोड़ तब आया जब पीड़िता की मां ने पड़ोस की एक किशोरी से जानकारी जुटाई। पूछताछ में कथित तौर पर अपहरण में शामिल महिला का नाम सामने आया। बाद में दबाव बनाने पर महिला ने सरदारशहर के एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया।
इस नंबर पर संपर्क होने के बाद मां की अपनी बेटी से बात हुई। किशोरी ने खुद को बंधक बनाकर रखने और प्रताड़ित किए जाने की जानकारी दी तथा पुलिस के साथ आने की गुहार लगाई।
महापुरुष समारोह समिति के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क बाल योग समर कैंप में चौथे दिन उत्साह के साथ बच्चों की भागीदारी
सात माह पहले भी की थी शिकायत की कोशिश
पीड़िता की मां ने बताया कि बेटी के लापता होने के बाद उसने पहले भी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया था, लेकिन आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने और सामाजिक कारणों से मामला आगे नहीं बढ़ सका। बाद में एक समाजसेविका की मदद से पुनः शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
पॉक्सो समेत कई धाराएं जोड़ी गईं
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच शुरू की गई। पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया है। जांच के बाद प्रकरण में पॉक्सो एक्ट सहित नाबालिग के शोषण और प्रताड़ना से संबंधित धाराएं जोड़ी गई हैं।

संगठित गिरोह की आशंका
कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक उषा यादव ने बताया कि मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में मानव तस्करी से जुड़े संगठित गिरोह की भूमिका के संकेत मिले हैं। मामले की गहन जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सरदारशहर में 3 लाख में बेची गई नाबालिग, 45 वर्षीय अधेड़ से कराई शादी; अजमेर पुलिस ने छुड़ाया


