बीकानेर में दर्दनाक घटना: पिता की मौत का सदमा नहीं सह सकी बेटी, तालाब में कूदकर दी जान
बीकानेर: जिले के बज्जू क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। पिता की हार्ट अटैक से मौत के बाद उनकी 22 वर्षीय बेटी सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकी और खेत में बने तालाब में छलांग लगाकर जान दे दी। कुछ ही घंटों के अंतराल में पिता और बेटी की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार बज्जू थाना क्षेत्र के चक 3 बीजीएएम (ए) निवासी पतराम गोदारा सोमवार शाम अपने निर्माणाधीन मकान पर गए थे और रात वहीं रुके थे। मंगलवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि वह मकान में अचेत अवस्था में पड़े हैं। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
👉 यहां क्लिक करें
भतीजे पवन गोदारा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे जब पतराम गोदारा का शव घर लाया गया तो परिवार में कोहराम मच गया। पिता की मौत का गहरा सदमा उनकी बेटी ऋतु गोदारा (22) सहन नहीं कर सकी।
बताया जा रहा है कि ऋतु घर के पास खेत में बने तालाब की ओर दौड़ी और उसमें छलांग लगा दी। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उसे बाहर निकाला तथा बज्जू के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कालू रोड पर भीषण सड़क हादसा, 1 की मौत, 5 घायल कार और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, पिकअप पलटी
एक साथ उठी पिता-बेटी की अर्थी
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई। बज्जू उप जिला अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए। बाद में पिता और बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
ऋतु गोदारा ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पिता और बेटी की एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

बीकानेर में दर्दनाक घटना: पिता की मौत का सदमा नहीं सह सकी बेटी, तालाब में कूदकर दी जान


