असम में वायुसेना का विमान क्रैश, राजस्थान का अग्निवीर खेमाराम कुमावत शहीद
डीडवाना/जोरहाट: असम के जोरहाट स्थित रौरिया इंडियन एयरबेस पर शनिवार सुबह वायुसेना का एक विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के पांचोता गांव निवासी अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत (22) शहीद हो गए। हादसे में पायलट समेत कुल पांच जवानों की मौत हुई है, जबकि एक सह-पायलट घायल बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार खेमाराम कुमावत ने दिसंबर 2022 में भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में सेवा शुरू की थी। उनके शहीद होने की सूचना मिलते ही पांचोता गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन लगातार वायुसेना अधिकारियों के संपर्क में हैं।

परिवार में छाया मातम
शहीद खेमाराम के ममेरे भाई महेश कुमावत ने बताया कि उनका अग्निवीर कार्यकाल जल्द पूरा होने वाला था। परिवार में उनके विवाह को लेकर भी चर्चा चल रही थी। खेमाराम किसान परिवार से थे।
उनके बड़े भाई राजेंद्र कुमार सिविल इंजीनियर हैं, जबकि भाई गोविंदराम सीआरपीएफ में चेन्नई एयरपोर्ट पर तैनात हैं। छोटे भाई मनोज कुमावत सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल हैं और वर्तमान में प्रयागराज में पदस्थापित हैं। परिवार में एक छोटी बहन भी है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।
नोखा में जमीन धंसने के मामले में प्रशासन अलर्ट, असुरक्षित मकानों का होगा सर्वे
सैन्य सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल राजेंद्र सिंह ने बताया कि शहीद की पार्थिव देह रविवार को नावां पहुंचने की संभावना है। वहां से तिरंगा यात्रा के साथ उनके पैतृक गांव पांचोता ले जाया जाएगा, जहां सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब विमान एयरबेस पर उतरने का प्रयास कर रहा था। लैंडिंग के दौरान विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर आग की चपेट में आ गया और दो हिस्सों में टूट गया। यह एएन-32 मालवाहक विमान था, जिसका उपयोग सैनिकों और सैन्य सामग्री की ढुलाई के लिए किया जाता है।
हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम का निधन हो गया। एक सह-पायलट का उपचार जारी है।

कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश
भारतीय वायुसेना ने बताया कि विमान नियमित उड़ान पर था। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। वायुसेना ने लोगों से किसी भी तरह की अटकलों से बचने की अपील करते हुए मामले की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश जारी कर दिए हैं।

