नोखा में जमीन धंसने के मामले में प्रशासन अलर्ट, असुरक्षित मकानों का होगा सर्वे

नोखा में जमीन धंसने के मामले में प्रशासन अलर्ट, असुरक्षित मकानों का होगा सर्वे

बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में रिहायशी क्षेत्र में जमीन धंसने की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यवाहक उपखंड अधिकारी चंद्रशेखर टॉक ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने असुरक्षित क्षेत्र की तारबंदी और बैरिकेडिंग कराने के आदेश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में स्थित करीब दो दर्जन रिहायशी मकानों का सर्वे शुरू कर दिया है। सर्वे के आधार पर मकानों की सूची तैयार की जा रही है। वहीं खतरे की आशंका को देखते हुए कुछ परिवार अपने घरों से सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जिन मकानों को असुरक्षित पाया जाएगा, वहां रहने वाले लोगों को नोटिस जारी कर घर खाली करने के लिए पाबंद किया जाएगा। साथ ही मकानों पर लाल निशान लगाकर विस्तृत तकनीकी सर्वे भी कराया जाएगा।

कार्यवाहक नगर पालिका अधिशासी अधिकारी भवानीशंकर ने भी मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर जेईएन उपेंद्र मीणा, पटवारी भगवत लोहार, सफाई निरीक्षक लक्ष्मीनारायण शर्मा और जमादार जयराम पंडित सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे असुरक्षित क्षेत्र में जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें। जमीन धंसने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

होम
ब्रेकिंग
E-Paper
मेनू
वेरिफिकेशन
संपर्क करें