जयपुर ब्लाइंड मर्डर केस का 24 घंटे में खुलासा, पत्नी और प्रेमी ने मिलकर रची थी हत्या की साजिश
जयपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के युवक महेश जाटव की हत्या के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी मोनू जाटव को रिंग रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मृतक की पत्नी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी और आरोपी मोनू जाटव के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। महेश को इसकी जानकारी होने पर उसने पत्नी को आरोपी से संपर्क रखने से रोक दिया था। इसी के बाद दोनों ने महेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
शराब पिलाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, 11 जून की रात आरोपी मोनू जाटव महेश को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। अधिक नशा होने के बाद उसे त्रिवेणी पुलिया के नीचे सुनसान स्थान पर ले जाकर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई।
👉 यहां क्लिक करें
500 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले
12 जून को मृतक के चाचा मांगीलाल जाटव की रिपोर्ट पर शिप्रापथ थाने में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की।
आरोपी लगातार लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने करीब 50 किलोमीटर तक पीछा कर शनिवार दोपहर टोंक रोड स्थित रिंग रोड क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद मध्यप्रदेश भागने की तैयारी में था।
राजस्थान-गुजरात को मिली नई रेल सौगात, बीकानेर-साबरमती एक्सप्रेस का होगा शुभारंभ
इंस्टाग्राम कॉल से दी हत्या की सूचना
पूछताछ में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम कॉल के जरिए मृतक की पत्नी को वारदात की जानकारी दी थी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पत्नी की भूमिका भी आई सामने
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मृतक की पत्नी के कहने पर हत्या को अंजाम दिया। मामले में पत्नी की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे में साइबर सेल और शिप्रापथ थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की आगे की जांच जारी है।



