अगले तीन घंटे भारी: बीकानेर-चूरू समेत कई जिलों में रेड अलर्ट, 80 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
श्रीगंगानगर:राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने बीकानेर, चूरू, फलोदी, नागौर, डीडवाना-कुचामन, सीकर, झुंझुनूं और जयपुर सहित कई जिलों के लिए अगले तीन घंटों का रेड अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज आंधी, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि के साथ गंभीर तूफानी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 80 किलोमीटर प्रति घंटा या उससे अधिक रह सकती है। इसके साथ धूलभरी आंधी, बिजली गिरने और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना भी जताई गई है।
राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत 31 मई को बीकानेर आएंगे
विभाग ने लोगों से पेड़ों, बिजली के खंभों, सोलर पैनलों, होर्डिंग्स तथा अन्य कमजोर संरचनाओं के पास खड़े नहीं होने की अपील की है। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
साथ ही नागरिकों को बिजली के उपकरणों से दूरी बनाए रखने और धातु की वस्तुओं को नहीं छूने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने भी संभावित मौसमीय घटनाओं को देखते हुए सतर्क रहने और मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

सावधानी ही सुरक्षा है, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें और मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।

