जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक और जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित
प्रकरणों का करें समयबद्ध निस्तारण, परिवादियों की दें राहत: जिला कलेक्टर
बीकानेर (श्रेयांस बैद): जिला जन अभाव अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक तथा जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार को जिला कलक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि त्रिस्तरीय जनसुनवाई, राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है। तीनों स्तर पर इसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी, जनसुनवाई के प्रकरणों को गंभीरता से लें तथा इनका समयबद्ध निस्तारण करते हुए परिवादी को राहत प्रदान करें। उन्होंने रात्रि चौपाल, दौरे-निरीक्षण, जनसुनवाईयां तथा निरीक्षण निर्धारित नाॅम्र्स के अनुसार करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने सतर्कता समिति में दर्ज प्रकरणों की प्रकरणवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समिति की गंभीरता समझें तथा प्रत्येक प्रकरण को प्राथमिकता से निस्तारित करें।
छोटे-छोटे प्रकरणों को उपखण्ड स्तर पर ही निस्तारित करने के प्रयास करें, जिससे परिवादियों को अपने गांव से दूर जिला मुख्यालय तक नहीं आना पड़े। उन्होंने विभिन्न प्रकरणों के संबंध में अब तक की गई कार्यवाही का फीडबैक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भी लिया।
ड्रॉप आउट बच्चों को शाला से जोड़ने के लिए नालसा गंभीर
जनसुनवाई में आए 73 प्रकरण
जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान कुल 73 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें राजस्व से संबंधित 27, बीकानेर विकास प्राधिकरण से संबंधित 11, नगर निगम से संबंधित 8 और पंचायत से संबंधित पांच सहित अन्य विभागों से जुड़े प्रकरण सम्मिलित रहे। जिला कलक्टर ने सभी प्रकरणों को नियमसम्मत और समयबद्धता के साथ निस्तारित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) रमेश देव, उपखण्ड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, बीकानेर विकास प्राधिकरण उपायुक्त कुणाल राहड़, सहायक निदेशक (लोक सेवाएं) मुकेश कुमार मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

