चेम्बूर में जीवन विज्ञान दिवस के साथ अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का भव्य समापन
चेम्बूर:युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी की विदुषी सुशिष्या साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में चेम्बूर में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह उल्लासपूर्वक मनाया गया। दि. 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक विविध आयामी कार्यक्रमों की समयोजना अणुव्रत समिति, मुंबई के तत्वावधान में संपन्न हुई।
अणुव्रत के सम्बन्ध में अपने उद्गार व्यक्त करते हुए विदुषी साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी ने कहा – अणुव्रत मानव धर्म की आचार-संहिता है।
यह नैतिकता, सद्भावना और नशा-मुक्ति के साथ स्वस्थ जीवन निर्माण का संकल्प है। आचार्यश्री तुलसी ने अणुव्रत के माध्यम से भारतभर की पदयात्रा की। आज उसी अणुव्रत के विविध आयाम – अहिंसा, नशामुक्ति, पर्यावरण शुद्धि, अनुशासन और जीवन विज्ञान मानव-समाज को सही राह दिखा रहे हैं।
एपेक स्कूल में जीवन विज्ञान
चेम्बूर स्थित एपेक स्कूल के विद्यार्थी एवं अध्यापकों के मध्य ‘जीवन विज्ञान‘ पर उद्बोधन देते हुए प्रबुद्ध साध्वीश्री डॉ. योगक्षेमप्रभाजी ने कहा – जीवन विज्ञान स्वस्थ समाज संरचना का संकल्प है। गिरते नैतिक स्तर को ऊँचा उठाने का दृढ़ निश्चय है।
प्रेम, करुणा, न्याय, सौहार्द, सरलता, परस्परता जैसे जीवनमूल्यों के प्रशिक्षण द्वारा जीवन विज्ञान शिक्षा जगत को वरदान है। आठवीं-नवीं कक्षा के करीब 300 विद्यार्थियों, 15 अध्यापकों, व्यवस्थापकों एवं अणुव्रत समिति के पचासों कार्यकर्ताओं के मध्य साध्वीश्री ने अणुव्रत एवं जीवन-विज्ञान की संवाद-शैली में चर्चा की।
पंचायत राज आम चुनाव के मद्देनजर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी,29 नवंबर तक रहेंगे प्रभावी
सभी बच्चों ने इस अवसर पर अनेक संकल्प भी स्वेच्छा से स्वीकार किए। इस मौके पर स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती ने साध्वीश्री के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए प्रतिवर्ष ऐसे कार्यक्रम के लिए आमंत्रण दिया। साध्वी मधुरप्रभाजी ने जीवन विज्ञान गीत का संगान किया।
मुंबई, अणुव्रत समिति के अध्यक्ष रमेशजी सोनी, महाराष्ट्र प्रभारी रोशनजी मेहता, मंत्री गणपतजी सोनी, सुमनजी चपलोत ने भावाभिव्यक्ति दी। एवं साध्वीश्री के प्रति हार्दिक कृतज्ञता प्रकट की।

मंच संचालन रमेशजी धोका ने किया। एपेक स्कूल के प्राचार्य, अध्यापकवर्ग एवं व्यवस्थापकों ने हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की। जीवन विज्ञान दिवस के साथ सप्ताह का शानदार समापन हुआ।
चेम्बूर में जीवन विज्ञान दिवस के साथ अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह का भव्य समापन

