जयपुर में बंद मकान से पिता-पुत्री के सड़े-गले शव बरामद, पांच दिन पुरानी मौत की आशंका
जयपुर:राजधानी जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र स्थित जगतपुरा रेलवे कॉलोनी में शुक्रवार को एक बंद मकान से वृद्ध पिता और उनकी बेटी के सड़े-गले शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस का अनुमान है कि दोनों की मौत करीब पांच दिन पहले हुई, जिसके कारण शव काफी हद तक सड़ चुके थे।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से मकान बंद था। शुक्रवार को आसपास के लोगों को घर से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रामनगरिया थाना पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो अलग-अलग कमरों में 97 वर्षीय महावीर प्रसाद शर्मा और उनकी 60 वर्षीय बेटी प्रीति शर्मा के शव पड़े मिले।
घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच और पोस्टमॉर्टम में दोनों के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
👉 यहां क्लिक करें
घर में भी संघर्ष या जबरन प्रवेश के कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रीति शर्मा तलाकशुदा थीं और अपने वृद्ध पिता की देखभाल के लिए उनके साथ ही रहती थीं। परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें मृतक के बेटे भी शामिल हैं, पास में रहने के बावजूद उनसे नियमित संपर्क में नहीं थे।

पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों से आखिरी बार किसने संपर्क किया था। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और पड़ोसियों व रिश्तेदारों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।


