जैन संस्कार विधि द्वारा सामूहिक जन्मोत्सव का आयोजन : दक्षिण मुंबई
मुंबई: अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई द्वारा जैन संस्कार विधि के माध्यम से विधिवत सामूहिक जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में जैन संस्कार विधि के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जीवन के शुभ प्रसंगों को आध्यात्मिक एवं संस्कारमय रूप से मनाने की परंपरा को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल भावना यंत्र की स्थापना के साथ हुआ, जिसकी स्थापना तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा द्वारा की गई। इसके पश्चात दक्षिण मुंबई के जैन संस्कारक श्री अशोकजी बरलोटा द्वारा विधिवत जैन संस्कार विधि संपन्न कराते हुए सामूहिक जन्मोत्सव मनाया गया। अशोकजी ने सभी मंत्रों का सामूहिक उच्चारण करवाया।
इस अवसर पर राहुलजी मेहता, यशविनजी जैन, भविष्याजी संघवी, पुरणजी चपलोत एवं राखीजी चपलोत ने जैन संस्कार विधि के माध्यम से अपना जन्मोत्सव मनाया। सामूहिक रूप से जन्मोत्सव मनाए जाने से कार्यक्रम में विशेष उत्साह, उमंग एवं आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
जैन संस्कारक श्री अशोकजी बरलोटा ने उपस्थित सभी श्रावक-श्राविकाओं को जैन संस्कार विधि के महत्व एवं उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जैन संस्कार विधि हमारे जीवन के शुभ प्रसंगों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ जैन संस्कृति, परंपरा एवं संस्कारों को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
👉 यहां क्लिक करें
उन्होंने सभी उपस्थित परिवारों से आह्वान किया कि जन्मोत्सव, विवाह, गृह प्रवेश सहित जीवन के विभिन्न शुभ प्रसंगों को जैन संस्कार विधि के माध्यम से संपन्न करवाकर अपनी संस्कृति एवं संस्कारों को सुदृढ़ बनाने में सहभागी बनें।
तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा ने कहा कि जैन संस्कार विधि केवल एक धार्मिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि हमारे जीवन मूल्यों एवं संस्कारों को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से अपने घर में होने वाले शुभ प्रसंगों को जैन संस्कार विधि द्वारा संपन्न करवाने का आग्रह किया।
उचित मूल्य दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित, 10 अगस्त तक किए जा सकेंगे आवेदन
कार्यक्रम में उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने जैन संस्कार विधि द्वारा आयोजित इस सामूहिक जन्मोत्सव की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे संस्कारमय आयोजनों को बढ़ावा देने की भावना व्यक्त की।
तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई द्वारा जैन संस्कार विधि के प्रचार-प्रसार एवं समाज में इसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की उपस्थितजनों ने प्रशंसा की।

कार्यक्रम का समापन मंगलभावना एवं सभी जन्मोत्सव मनाने वाले सदस्यों के सुखी, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाओं के साथ हुआ। आभार ज्ञापन तेयुप दक्षिण मुंबई मंत्री श्रेयांस मुनोत ने किया। समाचार प्रेषक नितेश धाकड़ एवं दर्शन डागलिया।


