कालू में लूनकरणसर की ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मंथन बैठक आयोजित: कम प्रगति वाले संस्थानों को नोटिस देने के निर्देश, हीटवेव और तम्बाकू निषेध पर रहा जोर
लूणकरणसर (श्रेयांस बैद): लूणकरणसर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कालू में सोमवार को चिकित्सा अधिकारियों और कार्मिकों के कार्यों व विभागीय गतिविधियों की समीक्षा के लिए ‘स्वास्थ्य मंथन’ बैठक का आयोजन किया गया।
ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. योगेंद्र तनेजा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यक्रमों की प्रगति सुधारने और मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
कम प्रगति पर नोटिस देने के निर्देश, सुधारे जाएंगे स्वास्थ्य सूचकांक:
बैठक में ब्लॉक नोडल अधिकारी डॉ. योगेंद्र तनेजा ने मातृ-शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में कम प्रगति दिखाने वाले चिकित्सा संस्थानों के प्रति नाराजगी जताई और उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी चिकित्सा प्रभारियों को गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम को पूरी गंभीरता से लेने, एक माह के अंतःशिरा (इंजेक्शन) वाले मामलों के अनुवर्ती कार्यों (फॉलोअप) में तेजी लाने, एनीमिया मुक्त राजस्थान के तहत फील्ड स्तर पर गतिविधियां बढ़ाने तथा परिवार कल्याण कार्यक्रम में पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर परिणाम देने के निर्देश दिए।
भारतीय जनता पार्टी जिला देहात का देशनोक में आयोजित 2दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान सम्पन्न
मुख्यालय नहीं छोड़ने की हिदायत और बिजली ऑडिट के आदेश:
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विभय तंवर ने सख्त निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा अधिकारी और कार्मिक अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय पर निवास करेंगे। बिना पूर्व स्वीकृति और अवकाश मंजूर कराए कोई भी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए डॉ. तंवर ने हीटवेव प्रबंधन के तहत सभी संस्थानों में ‘टेको’ उपचार पद्धति का प्रशिक्षण देने, कूलर-पंखों की सुचारू व्यवस्था करने, छायादार स्थान व ठंडे पेयजल का प्रबंध करने तथा ओआरएस-जिंक कॉर्नर स्थापित करने के निर्देश दिए।
अस्पतालों में आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए चालू हालत में अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और बिजली की वायरिंग की जांच (इलेक्ट्रिक ऑडिट) करवाने के निर्देश भी दिए गए।
विश्व तम्बाकू निषेध दिवस और टीबी मुक्त अभियान पर चर्चा:
डॉ. तंवर ने बताया कि 25 से 31 मई तक विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसकी रिपोर्ट नियमित रूप से भिजवानी होगी। इसके साथ ही सौ दिवसीय राष्ट्रीय टीबी नियंत्रण कार्यक्रम के तहत संचालित गतिविधियों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने को कहा गया।
विभागीय योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा:
खंड कार्यक्रम अधिकारी मोहम्मद फारुक कोहरी ने बैठक में सिर की गिनती (हेड काउंट) सर्वे, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पोर्टल, लाडो प्रोत्साहन योजना तथा स्वास्थ्य संकेतकों के ऑनलाइन पोर्टल की प्रगति से सभी को अवगत कराया। विशेषज्ञ जीवराज सिंह जपायगो ने प्रसव पूर्व जांच की गुणवत्ता बढ़ाने के संबंध में कार्मिकों को व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया।

बैठक में डॉ. शुभम सेंगर सहित विभिन्न चिकित्सा अधिकारी, लेखा सहायक हरिओम शंकर आचार्य व मनीष पुरोहित, संगणक घनश्याम वर्मा, सेक्टर स्वास्थ्य सुपरवाइजर राधा किसन मोदी व साहब राम सियाग, लतीफ खान सहित ब्लॉक के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और एएनएम उपस्थित रहीं।

