राजकीय बालिका विद्यालय में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग, जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर: ग्राम कालू स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र में प्रत्येक वर्ष बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाली जलभराव की गंभीर समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जिला कलक्टर, बीकानेर के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गया।
अधिकार मित्र एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बीकानेर के पैनल सदस्य श्रेयांस बैद ने बताया कि विद्यालय परिसर एवं आसपास के मोहल्लों में बरसाती पानी की समुचित निकासी नहीं होने से छात्राओं, शिक्षकों तथा स्थानीय नागरिकों को प्रतिवर्ष भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विद्यालय के उत्तर दिशा में बनी सड़क अपेक्षाकृत ऊँची होने के कारण अधिकांश बरसाती पानी विद्यालय परिसर की ओर एकत्रित हो जाता है, जिससे जलभराव, कीचड़, दुर्घटनाओं की आशंका तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पूर्व में ग्राम पंचायत, विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।

विद्यालय प्रशासन ने भी अपने लिखित अभिमत में विद्यालय की पश्चिम दिशा में बनी सी.सी. सड़क पर लगभग 10 मीटर का स्लोप/रैम्प निर्मित कराने की अनुशंसा की है, जिससे बरसाती पानी की प्राकृतिक एवं सुचारु निकासी सुनिश्चित हो सके।

श्रेयांस बैद ने बताया कि समस्त मोहल्लेवासियों एवं विद्यालय परिवार की सर्वसम्मत मांग है कि विद्यालय की पश्चिम दिशा में बनी सी.सी. सड़क पर लगभग 10 मीटर का स्लोप/रैम्प तत्काल बनाया जाए।
उपासक श्रेणी के आगमन से बहेगी ज्ञान गंगा, आगमन पूर्व संगठन बैठक आयोजित
उनका कहना है कि यही इस समस्या का व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान है तथा भविष्य में सड़क निर्माण हो या नहीं, पानी की निर्बाध निकासी के लिए उक्त कार्य अत्यंत आवश्यक है।

ज्ञापन में जिला कलक्टर से विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण करवाने, पश्चिम दिशा की सी.सी. सड़क पर लगभग 10 मीटर का स्लोप/रैम्प तत्काल निर्मित कराने, आवश्यकता अनुसार जल निकासी व्यवस्था एवं नालियों में सुधार करवाने तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश जारी करने की मांग की गई है।

ज्ञापन के साथ ग्राम पंचायत द्वारा सहायक अभियंता को प्रेषित पत्र, ग्रामीणों द्वारा उपखंड अधिकारी को दिए गए ज्ञापन तथा शाला परिवार द्वारा प्रशासन को प्रेषित मांग-पत्र की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं ।
राजकीय बालिका विद्यालय में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग, जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन

