साइबर सुरक्षा, विधिक जागरूकता एवं नशामुक्ति को लेकर विधिक चेतना शिविर आयोजित
लूणकरणसर: डॉ. राधाकृष्णन पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय दुल्मेरा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में साइबर सुरक्षा, विधिक पहलुओं, बाल विवाह निषेध कानून एवं नशामुक्ति को लेकर विधिक चेतना शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर के मुख्य वक्ता अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजीव कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न विधिक प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों के प्रति सजग एवं सतर्क रहना आवश्यक है।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, ओटीपी, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैनल सदस्य अधिकार मित्र श्रेयांस बैद ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता एवं कानून के प्रभावी पालन की आवश्यकता बताई।
उन्होंने विद्यार्थियों से बाल विवाह के विरुद्ध स्वयं जागरूक होने तथा अपने आसपास भी लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
पैनल सदस्य पुष्पेंद्र चौधरी ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रतिदिन आयोजित किए जा रहे विधिक जागरूकता शिविरों एवं उनके उद्देश्यों की जानकारी दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को विधिक रूप से जागरूक बनाकर ही सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज की मजबूत नींव रखी जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रिंसिपल हनुमान सिंह पंवार ने मुख्य वक्ता न्यायिक मजिस्ट्रेट का संजीव कुमार एवं अधिकार मित्र को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया ।

साइबर सुरक्षा, विधिक जागरूकता एवं नशामुक्ति को लेकर विधिक चेतना शिविर आयोजित

