नेत्रदान जागरूकता का संदेश लेकर निकली भव्य रैली, सेमिनार में नेत्रदान के प्रति जागरूकता का आह्वान : तेयुप दक्षिण मुंबई
मुंबई: अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (ABTYP) के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई द्वारा नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत “Vision for Visionless 2.0” अभियान के तहत 30 अगस्त 2026 को भव्य नेत्रदान जागरूकता रैली एवं नेत्रदान जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया।
नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित रैली में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल एवं अणुव्रत क्षेत्रीय समिति दक्षिण मुंबई के पदाधिकारीगण, सदस्य एवं किशोर मंडल के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
रैली के माध्यम से लोगों को नेत्रदान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा मृत्यु के बाद नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली के पश्चात आयोजित नेत्रदान जागरूकता सेमिनार में उपस्थित अतिथियों एवं सहभागियों को नेत्रदान की प्रक्रिया, इसके महत्व तथा इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य वक्ता डॉक्टर निवेदिता श्रेयांस ने नेत्रदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को इस मानवीय एवं सामाजिक कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजूरेखाजी एवं सहवर्ती साध्वीवृंद ने भी नेत्रदान को एक नेक एवं मानव कल्याणकारी कार्य बताते हुए समाज को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष सुमीत सुराणा द्वारा दिया गया।
उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल एवं अणुव्रत क्षेत्रीय समिति दक्षिण मुंबई के सभी पदाधिकारीगण, सदस्यों एवं सहभागियों का स्वागत किया तथा नेत्रदान जागरूकता अभियान को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दक्षिण मुंबई के अध्यक्ष देवेंद्र डागलिया ने अपने वक्तव्य में नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित श्रावक समाज को नेत्रदान के इस पुनीत अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
गोलोक धाम गोवंश के लिए पूर्ण अभयारण्य के रूप में विकसित होगा, आचार्य प्रज्ञा सागर जी महाराज
कार्यक्रम में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के अध्यक्ष कुंदनमल धाकड़, कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, मंत्री लक्ष्मीलाल डागलिया तथा अभातेयुप के मुंबई नेत्रदान प्रभारी मनीष धींग की विशेष उपस्थिति रही।
तेरापंथ समाज दक्षिण मुंबई की सभी संस्थाओं के पदाधिकारीगण एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले प्रायोजक हसमुख एवं विनोद बरलोटा तथा उनके प्रतिष्ठित संस्थान रौनक सिंथेटिक्स एल. एल. पी. तथा सुकियाबाई हेमराज जी बरलोटा परिवार के प्रति तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई द्वारा विशेष आभार व्यक्त किया गया।
परिषद ने नेत्रदान जैसे जनकल्याणकारी अभियान के प्रति उनके सहयोग, समर्थन एवं योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के मंत्री श्रेयांस मुनोत द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करते हुए उपस्थित जनसमुदाय को अभियान से जोड़े रखा।
कार्यक्रम के अंत में तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के कोषाध्यक्ष रोनक धाकड़ द्वारा आभार ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, वक्ताओं, सहयोगियों, प्रायोजक, संस्थाओं के पदाधिकारीगण, परिषद के सदस्यों एवं कार्यक्रम में उपस्थित सभी सहभागियों के प्रति धन्यवाद एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
“Vision for Visionless 2.0” के माध्यम से तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई ने नेत्रदान को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक सार्थक पहल की।

कार्यक्रम से समाज में नेत्रदान के प्रति सकारात्मक सोच एवं जागरूकता का संदेश प्रसारित हुआ।
यह जानकारी तेरापंथ युवक परिषद, दक्षिण मुंबई के उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।

