अजमेर में 13.60 लाख रुपये की फेक करेंसी बरामद, घर में नकली नोट छापने के शक में युवक गिरफ्तार
अजमेर। राजस्थान के अजमेर जिले में पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लाख 60 हजार रुपये की फेक करेंसी बरामद की है। मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी या तो घर में प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार करता था या फिर किसी अन्य व्यक्ति से नकली नोट लेकर उन्हें बाजार में खपाने का काम करता था। पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
दरगाह क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को 11 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ी नागफणी स्थित प्रिंस हिल्स कॉलोनी निवासी विक्रम जॉन, जो वेल्डिंग का काम करता है, अपने पास बड़ी मात्रा में नकली नोट रखे हुए है। सूचना के अनुसार वह सरकारी स्कूल के पास आसमानी रंग का बैग लेकर किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और उसके बैग की तलाशी ली।
बैग से मिले 13.60 लाख रुपये के नकली नोट
तलाशी के दौरान पुलिस को बैग से 500-500 रुपये के कुल 13 लाख 60 हजार रुपये के नकली नोट मिले। नोट कागज की शीटों पर छपे हुए थे। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद सभी नोट नकली हैं। इसके बाद पुलिस ने नकली करेंसी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बाजार में खपाने की थी तैयारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह बात आई है कि आरोपी को नकली नोट किसी अन्य व्यक्ति ने बाजार में चलाने के लिए दिए थे। अब पुलिस उस अज्ञात व्यक्ति की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी कितनी बार और किन-किन स्थानों पर नकली नोट चला चुका है।

कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस को आशंका है कि इस फर्जी करेंसी रैकेट से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है।

