सरदारशहर में 15 साल पुराने जमीनी विवाद ने ली जान, कैंपर से कुचलकर व्यक्ति की हत्या का आरोप
सरदारशहर:चूरू जिले के सरदारशहर क्षेत्र के सावर गांव में 15 साल पुराने जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि रंजिश के चलते एक पक्ष ने कैंपर वाहन से दूसरे पक्ष के व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सरदारशहर अस्पताल के बाहर धरना भी दिया, जिसे पुलिस के आश्वासन के बाद समाप्त कर दिया गया।
धर्मकांटे के बाहर हुई घटना
डीएसपी कुलदीप वालिया ने बताया कि मृतक की पहचान सावर निवासी प्रभुराम मेघवाल के रूप में हुई है। मृतक के बेटे लीलाधर मेघवाल ने भानीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रिपोर्ट के अनुसार मंगलवार रात करीब 8 बजे प्रभुराम गांव के दल्लूसर फाटे के पास स्थित धर्मकांटे के बाहर कुछ लोगों के साथ बैठे थे। इसी दौरान गांव के मैनपाल सारण और मुकेश सारण कैंपर वाहन लेकर वहां पहुंचे और कथित रूप से वाहन को बैठे लोगों की ओर मोड़ दिया।
अन्य लोग बच निकले, प्रभुराम चपेट में आए
कैंपर को तेजी से अपनी ओर आता देख वहां बैठे अन्य लोग भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन प्रभुराम समय पर नहीं उठ सके और वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायल प्रभुराम को पहले सरदारशहर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीकानेर रेफर किया गया, लेकिन डूंगरगढ़ के पास रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
दो दिन पहले मिली थी जान से मारने की धमकी
मृतक के बेटे लीलाधर का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पिछले करीब 15 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
👉 यहां क्लिक करें
इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना से दो दिन पहले उनके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई थी तथा जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया था।
वंदेमातरम टीम का सामूहिक हनुमान चालीसा-नौ ग्रह पूजन से समस्त संकटों से मिलती है मुक्ति – विमर्शानंद महाराज
हत्या और एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज
भानीपुरा पुलिस ने मृतक के बेटे की रिपोर्ट के आधार पर मैनपाल सारण और मुकेश सारण के खिलाफ हत्या तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कैंपर वाहन को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
धरने के बाद पुलिस ने दिया कार्रवाई का भरोसा
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सरदारशहर अस्पताल के बाहर धरना देकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।

मौके पर पहुंचे डीएसपी कुलदीप वालिया ने परिजनों से बातचीत कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
सरदारशहर में 15 साल पुराने जमीनी विवाद ने ली जान, कैंपर से कुचलकर व्यक्ति की हत्या का आरोप


