बीकानेर के रामपुरा में फायरिंग से सनसनी, युवक घायल; रोहित गोदारा के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप
बीकानेर: बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी वारदात सामने आई है। रामपुरा इलाके में सोमवार को अंधाधुंध फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों ने करीब छह राउंड फायर किए।
फायरिंग की इस घटना में लूणकरणसर क्षेत्र के डेलाना निवासी मुकेश गोदारा पुत्र रामचंद्र गोदारा घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके पैर में गोली नहीं बल्कि छर्रा लगा है। घायल मुकेश को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फायरिंग के दौरान मुकेश की बोलेरो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई और वाहन में कई जगह छेद हो गए।
निराश्रित पशुओं के लिए ट्यूबवेल खुदाई का कार्य शुरू
घायल के पिता रामचंद्र गोदारा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर संदीप नामक युवक उनसे करीब 20 लाख रुपये की रंगदारी वसूल चुका है। उनका आरोप है कि इसके बावजूद लगातार धमकियां और परेशानियां जारी हैं।
रामचंद्र गोदारा के अनुसार उन्होंने इस संबंध में पहले भी मुक्ताप्रसाद नगर थाने में तीन बार शिकायत दर्ज करवाई थी। एक मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान भी पेश किया था। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले भी कुछ बदमाशों ने उनके बेटों की गाड़ी का पीछा किया था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। देर रात तक सीओ सिटी अनुज डाल सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मामले की पड़ताल में जुटे रहे। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारणों और रंगदारी के आरोपों की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

