जयपुर के कई इलाकों में 12 घंटे इंटरनेट बंद, रामनिवास बाग कार्यक्रम को लेकर प्रशासन का आदेश
जयपुर: जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा रविवार को रामनिवास बाग में आयोजित किए जाने वाले एक सार्वजनिक कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एहतियातन कई क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश जारी किए हैं।
यह निर्णय सोशल मीडिया पर भ्रामक, भड़काऊ अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री के प्रसार की आशंका को देखते हुए लिया गया है।
संभागीय आयुक्त जयपुर संभाग बी. सर्वण कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 7 जून की रात 12 बजे से 8 जून की दोपहर 12 बजे तक जयपुर शहर के कई थाना क्षेत्रों में मोबाइल इंटरनेट और सोशल मीडिया सेवाएं बंद रहेंगी।
‘तू पति बन जा, मैं तेरी पत्नी बन जाऊंगी’, छात्रा को दिल्ली ले गई मामी, जेंडर बदलवाने का कराया ऑपरेशन
प्रतिबंध के दौरान 2G, 3G, 4G, 5G मोबाइल इंटरनेट, बल्क एसएमएस, एमएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म प्रभावित रहेंगे। हालांकि वॉइस कॉल सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
आदेश में बताया गया है कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, भड़काऊ संदेश, वीडियो या फोटो के प्रसार को रोकने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए आदेशों का पालन करने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार यह आदेश भारत सरकार के दूरसंचार सेवाओं के अस्थायी निलंबन संबंधी नियमों के तहत जारी किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

