बीकानेर में फिर बदला मौसम का मिजाज: आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित
बीकानेर: जिले में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शाम को चली तेज आंधी और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी, लेकिन कई इलाकों में नुकसान भी पहुंचाया।
महाजन, अरजनसर, लूणकरणसर, कालू तथा आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई।
लूणकरणसर क्षेत्र के खोडाला गांव में शाम करीब 4:20 बजे से मौसम खराब होना शुरू हुआ। तेज अंधड़ के साथ रुक-रुक कर बारिश हुई और इस दौरान तीन बार ओले भी गिरे। ग्रामीणों के अनुसार ओलों की संख्या कम थी, लेकिन उनका आकार बड़ा होने से फसलों को नुकसान पहुंचा है।
विशेष रूप से नरमा की शुरुआती फसल तेज हवा और ओलावृष्टि से प्रभावित हुई है। वहीं राजासर उर्फ करणीसर क्षेत्र में भी जोरदार बारिश दर्ज की गई।
शहर में शाम करीब छह बजे तेज आंधी शुरू हुई, जिसने लगभग एक घंटे तक अपना असर बनाए रखा। पब्लिक पार्क, कलेक्ट्रेट, पुरानी गिन्नाणी, कीर्ति स्तंभ, जवाहर नगर, अंत्योदय नगर, मुरलीधर व्यास कॉलोनी, जस्सूसर गेट, करमीसर और श्रीरामसर सहित कई इलाकों में धूलभरी आंधी चली।
हल्की बारिश के कारण उड़ती धूल घरों और भवनों की दीवारों पर जम गई।
कई इलाकों में बिजली व्यवस्था प्रभावित
तेज हवा और बारिश के चलते शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। देर रात कई क्षेत्रों में बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि मौसम में आई ठंडक ने लोगों को गर्मी से राहत दी और तापमान में गिरावट महसूस की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखा असर
शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों में भी मौसम का व्यापक प्रभाव देखने को मिला। लूणकरणसर सहित कई गांवों में देर रात तेज गर्जना और चमक के साथ बारिश हुई। आसमान में घने बादल छाए रहे और आकाशीय बिजली लगातार चमकती रही, जिससे लोगों में सतर्कता बनी रही।
श्री पार्श्वनाथ जैन मंदिर के पुनर्निर्माण की दिशा में बड़ी सफलता, जल्द होगा नवनिर्माण कार्य प्रारंभ
तापमान में गिरावट, बारिश के आसार बरकरार
बारिश के बाद तापमान में कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी घंटों में जिले के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
किसानों के लिए राहत और चुनौती दोनों
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए लाभदायक मानी जा रही है। बुवाई का समय नजदीक होने के कारण किसानों को नमी मिलने से फायदा होगा।

हालांकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं के कारण फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। किसानों को खराब मौसम के दौरान खेतों और खुले स्थानों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

