छात्रों के लिए राहत: 2026-27 में भी मिलेंगी प्री-मैट्रिक व पोस्ट-मैट्रिक स्कॉलरशिप
जयपुर: राजस्थान के लाखों विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। सत्र 2026-27 में भी राज्य सरकार की प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाएं जारी रहेंगी। पात्र विद्यार्थियों को पहले की तरह इनका लाभ मिलेगा और इस बार भी उन्हें अलग से आवेदन नहीं करना होगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, छात्रवृत्ति की पूरी प्रक्रिया शाला दर्पण पोर्टल के जरिए स्कूल स्तर से ही पूरी की जाएगी। सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों को विद्यार्थियों का डेटा अपडेट कर ऑनलाइन प्रस्ताव भेजना होगा। इसके लिए अंतिम तिथि 31 जुलाई तय की गई है, ताकि समय पर छात्रवृत्ति राशि विद्यार्थियों तक पहुंच सके।
जनगणना-2027 : प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलक्टर निशान्त जैन ने की स्व-गणना
प्री-मैट्रिक योजनाओं के तहत कक्षा 6 से 10 तक अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा कक्षा 1 से 10 तक सफाई एवं स्वास्थ्य कार्य से जुड़े परिवारों के बच्चों के लिए भी विशेष योजना लागू रहेगी। केंद्र प्रायोजित योजनाओं में कक्षा 9-10 के SC, ST और OBC विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।
वहीं पोस्ट-मैट्रिक स्तर पर कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए SC, ST, OBC, आर्थिक पिछड़ा वर्ग (EBC) और अत्यंत पिछड़ा वर्ग (MBC) की छात्रवृत्तियां जारी रहेंगी। साथ ही शहीद या दिव्यांग सैनिकों के बच्चों तथा भूतपूर्व सैनिकों की प्रतिभावान पुत्रियों के लिए भी विशेष योजनाएं लागू रहेंगी।

शिक्षा विभाग का कहना है कि इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़े रखना है, ताकि वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें। इस बार भी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है।


