आचार्य तुलसी ने अणुव्रत के माध्यम से सम्प्रदाय-मुक्त धर्म को व्याख्यायित किया : अणुव्रत दिवस दक्षिण मुंबई
दक्षिण मुंबई: महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन एवं श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दक्षिण मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी का 113वाँ जन्मदिवस अणुव्रत दिवस के रूप में मनाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन आचार्य श्री महाश्रमणजी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी, शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल के मंगलाचरण से हुआ। इस अवसर पर श्रावक-श्राविकाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। उपस्थित जनसमुदाय की श्रद्धा और भावनाएँ गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी के प्रति उनके अगाध उपकारों एवं अविस्मरणीय योगदान को अभिव्यक्त कर रही थीं।
शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने अपने प्रवचन में कहा कि आचार्य श्री तुलसी पुरुषार्थ के प्रतीक थे। उन्होंने जिन संघर्षों के बीच अलख जगाते हुए जिन कार्यों को दृढ़तापूर्वक संपन्न किया, वे सभी कार्य इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठों की धरोहर बन गए।
गुरुदेव ने लंबी-लंबी श्रमसाध्य यात्राएँ कर अणुव्रत के माध्यम से सम्प्रदाय-मुक्त धर्म को व्याख्यायित किया। इसके साथ ही उन्होंने गरीब की झोपड़ी से लेकर राष्ट्रपति भवन तक मानवीय संस्कारों के चिंतन को पहुँचाया।
छतरगढ़ के आवा गांव में पानी की डिग्गी में डूबने से 3 लड़के और एक लड़की की मौत
साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी का जीवन निरंतर गतिशील रहा। उन्होंने कहा कि मनुष्य सामुदायिक जीवन जीता है। उसके लिए सापेक्षता, समन्वय, सहिष्णुता एवं शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व जैसे गुण आवश्यक हैं।
इनके माध्यम से व्यक्ति जीवन में सुरक्षित रहते हुए व्रत की चेतना को भी सुरक्षित रख सकता है। जन-जन तक अणुव्रत के छोटे-छोटे संकल्प पहुँचें, यही आज के दिवस की महत्ता है। अणुव्रत का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए।
इस अवसर पर साध्वीश्री उदितप्रभाजी, साध्वीश्री निर्भयप्रभाजी एवं साध्वीश्री चेलनाश्रीजी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, दक्षिण मुंबई सभा के उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़, अर्जुन सोलंकी, अर्जुन कच्छारा, मीना सुराणा, महिला मंडल की उपाध्यक्षा पुष्पा कच्छारा एवं अशोकजी बरलोटा आदि ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।

समूचा आयोजन आचार्य श्री तुलसी के जीवन, उनके पुरुषार्थ, अणुव्रत दर्शन एवं मानवीय मूल्यों के प्रति उनके योगदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने की प्रेरणा देने वाला रहा। यह जानकारी सभा मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ एवं तेयुप उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।
आचार्य तुलसी ने अणुव्रत के माध्यम से सम्प्रदाय-मुक्त धर्म को व्याख्यायित किया : अणुव्रत दिवस दक्षिण मुंबई
