मतदाता जागरूकता अभियान के ब्रांड एंबेसडर बन प्रत्येक मतदाता को बताएं मतदान का महत्त्व
कॉन्सेप्ट इंस्टिट्यूट में आयोजित हुआ युवा मतदाता संवाद
बीकानेर (श्रेयांस बैद):नगरीय निकाय आम चुनाव के मद्देनजर मतदाता जागरूकता के लिए स्वीप प्रकोष्ठ द्वारा बुधवार को कॉन्सेप्ट इंस्टीट्यूट में युवा मतदाता संवाद आयोजित किया गया।
इस दौरान विद्यार्थियों को मतदान के महत्त्व, मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया तथा लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी के प्रति जागरूक किया गया।

स्वीप मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. हरिशंकर आचार्य ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश का नागरिक होना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। भारतीय लोकतंत्र ने प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है।
हमें इस अधिकार के महत्व को समझते हुए प्रत्येक निर्वाचन में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं पर दोहरी जिम्मेदारी है। उन्हें स्वयं मतदान करने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
स्वीप प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. प्रशांत जोशी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में प्रत्येक मत का विशेष महत्व होता है। एक-एक मत लोकतंत्र की दिशा और निर्वाचन परिणाम को प्रभावित कर सकता है।
इसे ध्यान में रखते हुए युवा, महिला, दिव्यांगजन तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के मतदाता तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार स्वीप गतिविधियों का कैलेंडर निर्धारित किया गया है और इसके अनुरूप जिलेभर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बीकानेर: लूणकरनसर में नशे में युवक ने मचाया हड़कंप
स्वीप प्रकोष्ठ सदस्य डॉ. दीपक जोशी ने कहा कि विश्व के अनेक देशों में नागरिकों को स्वतंत्र रूप से मतदान करने का अधिकार प्राप्त नहीं है, जबकि भारत में हमें यह महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार मिला है।
इसलिए सजग और जागरूक होकर इसका उपयोग करना हमारा दायित्व है। उन्होंने युवाओं से मतदाता जागरूकता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों तक मतदान का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
कॉन्सेप्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक इंजीनियर भूपेंद्र मिढ्ढा ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। विद्यार्थी स्वयं जागरूक होंगे और दूसरों को भी मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित करेंगे, तो लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा निर्वाचन तिथि तक विद्यार्थियों को मतदान के महत्त्व और मताधिकार के प्रति निरंतर जागरूक किया जाएगा।
स्वीप गतिविधियों के सह प्रभारी एवं जिला परिषद के आईईसी कोऑर्डिनेटर गोपाल जोशी ने स्वीप की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया तथा निर्वाचन से संबंधित विभिन्न एप्स के उपयोग के बारे में बताया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में स्वीप टीम के सुधीर मिश्रा, अमर दीप गोदारा, राम किशन चौधरी सहित संस्थान के शिक्षक, कार्मिक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

