बीकानेर में दिनदहाड़े 51 लाख की लूट, बोलेरो कैंपर सवार बदमाश कैश वैन से नकदी लेकर फरार
बीकानेर: जिले के पांचू थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे चार हथियारबंद बदमाशों ने सीएमएस कंपनी की कैश वैन को निशाना बनाते हुए 51 लाख रुपये लूट लिए। वारदात साधुना और सारूंडा गांव के बीच स्टेट हाईवे-87A पर हुई।
घटना के बाद आरोपी बोलेरो कैंपर में सवार होकर नागौर की ओर फरार हो गए। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है।
सीएमएस कंपनी के मैनेजर आदित्य रावत के अनुसार, कैश वैन दोपहर 2:15 बजे नोखा स्थित SBI शाखा से 51 लाख रुपये लेकर सारूंडा के ICICI बैंक एटीएम में कैश जमा करने के लिए रवाना हुई थी। वैन में ड्राइवर राजेंद्र कुमार, कैशियर खींयाराम, विक्रम और गार्ड वेदप्रकाश मौजूद थे।
करीब 3 बजे सारूंडा से लगभग 5 किलोमीटर पहले तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने कैश वैन को ओवरटेक कर साइड से टक्कर मार दी, जिससे वैन सड़क किनारे रुक गई।
👉 यहां क्लिक करें
जैसे ही ड्राइवर राजेंद्र कुमार नीचे उतरे, बोलेरो से मुंह पर कपड़ा बांधे एक बदमाश पिस्टल लेकर उतरा और उनकी कनपटी पर हथियार तानकर हाथ ऊपर करने को कहा।
इसके बाद तीन अन्य बदमाश भी नीचे उतरे और वैन का पिछला गेट खुलवाया। वैन के अंदर मौजूद कैशियर ने गेट खोल दिया, जिसके बाद दो बदमाश नकदी से भरा बक्सा उठाकर बोलेरो में रखकर फरार हो गए।
भागने से पहले बदमाशों ने वैन के अगले पहिए के पास एक फायर भी किया, जिससे दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि सभी आरोपियों की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच है।
नगरीय निकाय चुनावः प्रकोष्ठ प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों की बैठक आयोजित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी गई। वैन में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू थे। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय गार्ड वेदप्रकाश सिविल ड्रेस में था और उसके पास कोई हथियार नहीं था। साथ ही, वारदात के दौरान कैश वैन का इमरजेंसी अलार्म भी नहीं बजाया गया।

नोखा सीओ जरनैल सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है और पुलिस को जल्द सफलता मिलने की उम्मीद है।


