बीकानेर-जयपुर हवाई सेवा का विस्तार, अब सप्ताह में दो दिन उड़ानें; किराया 1600 रुपये से शुरू
बीकानेर: बीकानेर और जयपुर के बीच हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहतभरी खबर है। अब दोनों शहरों के बीच हवाई सेवा सप्ताह में एक दिन के बजाय दो दिन उपलब्ध रहेगी। एलायंस एयर ने यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को देखते हुए मंगलवार के साथ-साथ गुरुवार को भी उड़ान संचालन शुरू कर दिया है।
नई व्यवस्था के तहत अब बीकानेर से जयपुर के लिए सप्ताह में दो नियमित उड़ानें उपलब्ध रहेंगी। इस सेवा का शुरुआती किराया 1600 रुपये रखा गया है, जिससे आम यात्रियों, व्यापारियों और उद्योग जगत को भी लाभ मिलेगा।
👉 यहां क्लिक करें
मंगलवार और गुरुवार को रहेगा संचालन
मंगलवार को विमान जयपुर से दोपहर 1:55 बजे रवाना होकर 3:10 बजे बीकानेर पहुंचेगा। इसके बाद बीकानेर से दोपहर 3:40 बजे उड़ान भरकर शाम 4:55 बजे जयपुर पहुंचेगा।
वहीं गुरुवार को विमान जयपुर से सुबह 9:20 बजे रवाना होकर 10:35 बजे बीकानेर पहुंचेगा। वापसी में यह उड़ान सुबह 11:00 बजे बीकानेर से रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे जयपुर पहुंचेगी।
प्राइवेट बस में इंजन में लगी आग, यात्री बाल बाल बचे
व्यापार और उद्योग को मिलेगा फायदा
बीकानेर से जयपुर के लिए सप्ताह में दो दिन हवाई सेवा शुरू होने से उद्योग, व्यापार और पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है। इससे व्यवसायिक यात्राएं आसान होंगी और समय की बचत भी होगी।
बीकानेर जिला उद्योग संघ ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि भविष्य में बीकानेर को देश के अन्य प्रमुख महानगरों से जोड़ने वाली हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पच्चीसिया, उपाध्यक्ष नरेश मित्तल, अशोक सुराणा, सचिव वीरेंद्र किराडू, कोषाध्यक्ष पारस डागा तथा संयुक्त सचिव श्याम सुंदर सोनी ने इस सुविधा के लिए केंद्रीय मंत्री Arjun Ram Meghwal का आभार व्यक्त किया।
बीकानेर-जयपुर हवाई सेवा का विस्तार, अब सप्ताह में दो दिन उड़ानें; किराया 1600 रुपये से शुरू


