बंद मकान में फंदे से लटका मिला युवती का शव
हनुमानगढ़ जंक्शन की पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शुक्रवार को एक बंद मकान से 18 वर्षीय युवती का संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण ने बताया कि पुरानी हाउसिंग बोर्ड स्थित मकान संख्या 4/151 से बदबू आने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मकान मालिक कमल कुमार की मौजूदगी में भीतर से बंद मकान को खुलवाया गया। अंदर कमरे में पंखे से फंदा बनाकर युवती का शव लटका मिला।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान खुशी यादव (18) पुत्री रामयाद यादव के रूप में हुई है। वह किराए के मकान में अकेली रह रही थी। उसके पिता चालक हैं, जो काम के सिलसिले में कई दिनों बाद घर लौटते थे। मृतका का एक भाई सीकर में रहता है, जबकि उसकी माता का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है।
बीकानेर के रांका ट्रस्ट का पंजाब में हुआ सम्मान, राज्यपाल कटारिया ने महनोत को दिया परोपकार पुरस्कार
मूल रूप से बिहार निवासी यह परिवार लंबे समय से हनुमानगढ़ में रह रहा था। पहले परिवार पुरानी खुंजा क्षेत्र में किराए पर रहता था और करीब एक साल पहले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शिफ्ट हुआ था। बताया जा रहा है कि खुशी ने पढ़ाई छोड़ दी थी और घर पर ही रहती थी।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस ने घटना स्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के पास से मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल डेटा से घटना के कारणों का पता लगाने में मदद मिल सकती है। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस ने बताया कि मृतका के परिजनों के बयान और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


