बीकानेर की रेल सुविधाओं में विस्तार की मांग, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा मांग-पत्र
राष्ट्रीय ध्वज की पुनः स्थापना, चंडीगढ़-कालका ट्रेन शुरू करने, लूणकरणसर में DEMU/MEMU संचालन और वंदे भारत ट्रेन चलाने सहित 10 प्रमुख मांगें उठाईं।
बीकानेर (सत्येंद्र राजवंशी):बीकानेर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रेलवे सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की मांग को लेकर भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के मानद प्रतिनिधि श्रेयांस बैद ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड नई दिल्ली तथा उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर जनहित की विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
बैद ने पत्र में कहा कि बीकानेर के लाखों नागरिकों एवं देश के विभिन्न राज्यों में निवास करने वाले प्रवासी बीकानेरवासियों की रेल सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं। इनका समाधान होना आवश्यक है।
उन्होंने बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पूर्व में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज को पुनः स्थापित करने की मांग उठाई। साथ ही कोरोना काल वर्ष 2020 में बंद हुई बीकानेर-चंडीगढ़/कालका रेल सेवा को पुनः प्रारंभ करने की मांग की।
परमेश्वरी देवी गोदारा होगी लूणकरणसर की प्रधान
श्रेयांस बैद ने बीकानेर से लूणकरणसर के मध्य प्रतिदिन आवागमन करने वाले हजारों यात्रियों की सुविधा के लिए DEMU/MEMU रेल सेवा संचालित करने तथा प्रमुख रेलगाड़ियों का लूणकरणसर कृषि मंडी स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर लिफ्ट एवं स्वचालित सीढ़ियां लगाने, गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर संबंधित ट्रेनों का ठहराव समय बढ़ाने तथा कोटगेट रेलवे फाटकों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए अंडरब्रिज निर्माण की मांग भी रखी।
इसके अतिरिक्त प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर अतिरिक्त प्रवेश द्वार, प्लेटफॉर्म नंबर एक पर लंबे समय से बंद लगेज स्कैनिंग मशीन को चालू करवाने तथा रेलवे स्टेशन पर खराब पड़ी ठंडे पेयजल मशीनों की मरम्मत करवाने की मांग की गई।
बैद ने बीकानेर से जयपुर के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे बीकानेर और प्रदेश की राजधानी के बीच तेज एवं सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित होगा।
स्टेशन के पुराने स्वरूप को संरक्षित रखने की मांग
श्रेयांस बैद ने बीकानेर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास एवं आधुनिकीकरण के दौरान स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान, पारंपरिक स्थापत्य शैली एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के विकास के साथ बीकानेर रेलवे स्टेशन का पुराना स्वरूप एवं ऐतिहासिक पहचान भी कायम रहनी चाहिए।

उन्होंने रेल मंत्री एवं रेलवे के उच्चाधिकारियों से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा बीकानेर की जनता को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।
बीकानेर की रेल सुविधाओं में विस्तार की मांग, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भेजा मांग-पत्र

