लक्की मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, रानी बाजार में नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित, डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थियों की हुई नेत्र जाँच
बीकानेर (श्रेयांस बैद):लक्की मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय में ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस (AIWC), मेन ब्रांच बीकानेर के तत्वावधान में अध्यक्ष श्रीमती डॉ. किरण सिंह के सान्निध्य में मारवाड़ हॉस्पिटल के सहयोग से नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी आँखों की जाँच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध करवाना था।
शिविर में नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा विद्यालय के डेढ़ सौ से अधिक छात्र-छात्राओं की नेत्र जाँच की गई। इस दौरान विद्यार्थियों की आँखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही, आँखों की नियमित जाँच, स्वच्छता एवं नेत्रों की उचित देखभाल के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य का भी महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे चिकित्सा शिविर विद्यार्थियों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक रमेश कुमार सैनी एवं सुरेश कुमार सैनी ने ऑल इंडिया विमेन्स कॉन्फ्रेंस, मेन ब्रांच बीकानेर की अध्यक्ष श्रीमती डॉ. किरण सिंह, संस्था के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों तथा मारवाड़ हॉस्पिटल के चिकित्सकों और सहयोगी स्टाफ का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित संस्थाओं द्वारा विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की दिशा में किया गया यह प्रयास अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी है।

विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन में सहयोग बनाए रखने की आशा व्यक्त की तथा शिविर को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
लक्की मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, रानी बाजार में नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित, डेढ़ सौ से अधिक विद्यार्थियों की हुई नेत्र जाँच

