मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर आयोजित हुआ ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने विशेष योग्यजन युवाओं से किया संवाद
भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी मनु गर्ग ने साझा किया संघर्ष और सफलता का अनुभव
बीकानेर (श्रेयांस बैद): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को जयपुर में ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विशेष योग्यजन युवाओं से संवाद किया।
कार्यक्रम में दृष्टिबाधित प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी मनु गर्ग भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी में आत्मविश्वास, धैर्य और निरंतर मेहनत के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
मनु गर्ग ने युवाओं से मोबाइल फोन और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए धैर्य बेहद जरूरी है।
मोबाइल और सोशल मीडिया धैर्य में बाधा बन सकते हैं, लेकिन इनका सकारात्मक उपयोग पढ़ाई और ज्ञान अर्जित करने में भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वे अपने मोबाइल पर नोट्स बनाते थे और ऑनलाइन व्याख्यान के माध्यम से अध्ययन करते थे।
अपने संघर्ष का अनुभव साझा करते हुए मनु गर्ग ने बताया कि आठवीं कक्षा में उन्हें रेटिनाइटिस पिगमेंटोसा बीमारी का पता चला, जिसके कारण उनकी दृष्टि धीरे-धीरे धुंधली होने लगी।
धनतेरस पर 6 नवंबर को रहेगा बीकानेर में स्थानीय अवकाश
इस कठिन परिस्थिति में उनकी मां ने उनका मनोबल बनाए रखा। आंखों की रोशनी कम होने पर मां उन्हें किताबें, नोट्स और समाचार पत्र पढ़कर सुनाती थीं। वे सुनकर विषयों को याद करते और परीक्षाओं में लिखते थे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मनु गर्ग के संघर्ष और उनकी मां के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि माता-पिता हमारे जीवंत देवी-देवता हैं। उनके स्नेह और सहयोग का कोई विकल्प नहीं है। प्रत्येक माता-पिता के मन में अपनी संतान के प्रति जो भाव होता है, वह अतुलनीय है।
उन्होंने युवाओं से माता-पिता का विशेष ध्यान रखने और उनकी सेवा में कोई कमी नहीं रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बचपन में माता-पिता ने जिस तरह हमारी परवरिश की, उसी तरह उनके बुजुर्ग होने पर हमें भी उनकी देखभाल और सेवा करनी चाहिए।
कार्यक्रम में विशेष योग्यजन युवाओं के संघर्ष, आत्मविश्वास और उपलब्धियों को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं समाजसेवियों को सम्मानित भी किया गया।
डीओआईटी सभागार में हुआ जिला स्तरीय सीधा प्रसारण
कार्यक्रम का जिला स्तरीय सीधा प्रसारण सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कार्यालय के सभागार में किया गया।

जहां नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार गहलोत, सेवा आश्रम के विशेष शिक्षक मनोज कुमावत, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सुदेश रांकावत, इनायत हुसैन, मुकेश भाटी तथा विजय शंकर व्यास सहित विशेष योग्यजन मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर आयोजित हुआ ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम

