जयपुर: राजस्थान में फिर हुआ बोरवेल हादसा, 400 फीट गहरे बोरवेल में गिरा बच्चा
जयपुर: राजस्थान के अलवर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया है। पतंग लूटने के लिए भाग रहा एक 9 साल का बच्चा बोरेवल में जा गिरा है। बताया जा रहा है कि बच्चा 400 फीट गहरे बोरवेल में करीब 40 फीट की गहराई में अटका हुआ है।
बच्चे के बोरवेल में गिरने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। बच्चे को सुरक्षित बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। उधर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है।
पत्थर से ढका था बोरवेल:
जानकारी के मुताबिक, यह बोरवेल हादसा लक्ष्मणगढ़ इलाके के बुटोली गांव में हुआ है। बताया गया कि आज गांव का 9 वर्षीय लड़का भानु पंतग लूटने के लिए दौड़ रहा था। वही पास में एक बोरवेल खुला पड़ा हुआ था, जिसके ऊपर एक छोटा सा पत्थर रखा गया था। इसी दौरान भागते वक्त भानु का पैर बोरवेल के ऊपर रखे पत्थर पर पड़ गया।
करीब 40 फीट की गहराई में फंसा बच्चा:
जैसे ही बच्चे के पैर पत्थर पर पड़ा तो तुरंत पत्थर बोरवेल के ऊपर से खिसक गया और भानु सीधे बोरवेल में गिर गया। इसके बाद वह बोरवेल में करीब 40 फीट की गहराई में जाकर अटक गया। बच्चे के बोरवेल में गिरते ही आसपास हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। एसडीएम मनीषा रेशम, तहसीलदार मनीष कुमार शर्मा, डीएसपी नरेंद्र कुमार और एसएचओ राजेश कुमार घटनास्थल पर मौजूद हैं।
जेसीबी मशीनों खुदाई शुरू:
बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। टीमें बालक को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई हैं। जिला प्रशासन की ओर से रेस्क्यू टीम को मौके पर रवाना किया गया है। बालक को बाहर निकालने के लिए मौके पर तीन जेसीबी मशीनों से खुदाई का काम शुरू कर दिया गया है।

वहीं एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके के लिए रवाना की गई हैं।घटना की जानकारी मिलने पर बुटोली गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। वहीं, बच्चे के घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

